130 डॉलर पर पहुंच गया कच्चा तेल

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 4:03 AM IST

यूरो की तुलना में डॉलर में गिरावट आने से एशिया के बाजारों में लगातार दूसरे दिन कच्चे तेल की कीमत में बढ़ोतरी हुई।


कच्चे तेल में शुक्रवार को 2 डॉलर से भी अधिक की तेजी आयी और यह चढ़कर 130 डॉलर तक पहुंच गया। डॉलर में कमजोरी आने से महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए कच्चे तेल में किया जाने वाला निवेश पहले से ज्यादा आकर्षक हो गया है, जिसके चलते कच्चे तेल में फिर से मजबूती आने लगी है।

इसके पीछे यूरोपीय केंद्रीय बैंक के उस संकेत को भी जिम्मेदार माना जा रहा है जिसमें बैक ने कहा था कि वह अपनी ब्याज दरों में फिर वृद्धि कर सकता है। जुलाई में आपूर्ति होने वाला ब्रेंट नार्थ सी कच्चा तेल भी पांच सेंट बढ़कर 127.59 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। लंदन में गुरुवार को यह 5.44 डॉलर प्रति बैरल की उछाल के साथ 127.54 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था।

सिडनी स्थित कॉमनवैल्थ बैंक ऑफ ऑस्ट्रेलिया के कमोडिटी विशेषज्ञ डेविड मूरे ने कहा कि उन्हें कीमतों में हो रही बढ़ोतरी से हैरानी हो रही है और इसे डॉलर में आई गिरावट से जोड़ा जा सकता है। मालूम हो कि 22 मई को कच्चे तेल की कीमत में रेकॉर्ड वृद्धि हुई थी और यह 135.09 डॉलर प्रति बैरल को छू गया था। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने मई में कहा था कि इस साल की पहली तिमाही में तेल की आपूर्ति केवल 6 लाख बैरल प्रतिदिन रहेगी।

First Published : June 6, 2008 | 11:22 PM IST