ईरान संकट गहराया तो कच्चा तेल हुआ मजबूत

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 1:41 PM IST

ईरान और नाइजीरिया से कच्चे तेल की आपूर्ति के प्रभावित होने की आशंका के चलते तेल की कीमत में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी बढ़ोतरी हुई।


न्यू यॉर्क मर्केंटाइल एक्सचेंज में कच्चे तेल में 81 सेंट की मजबूती आयी और यह 126.30 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। जबकि गुरुवार को कच्चा तेल 1.05 डॉलर की मजबूती के साथ 125.49 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था।

उधर पेट्रोलॉजिस्टिक लिमिटेड के मुताबिक, जुलाई महीने में ओपेक की ओर से होने वाली कच्चे तेल की आपूर्ति में संभवत: 2 लाख बैरल यानी 0.6 फीसदी रोज की वृद्धि हो सकती है। इजरायल के शीर्ष सैन्य कमांडर ने गुरुवार को कहा था कि ईरान मसले का यदि कूटनीति से समाधान न निकला तो ताकत का इस्तेमाल किया जा सकता है।

इजरायल के लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि इजरायल व अमेरिका दोनों ने सभी विकल्पों पर विचार कर लिया है। हालांकि उनकी कोशिश होगी कि कूटनीति से ही यह संकट सुलझ जाए। नाइजीरिया में आतंकवादियों ने तेल कंपनियों से पैसे की मांग की है। विद्रोहियों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांग न मानी गई तो आपूर्ति ठप करने के लिए तेल पाइपलाइनों को निशाना बनाया जा सकता है।

First Published : July 25, 2008 | 10:55 PM IST