विविध क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी आईटीसी अगले कुछ दिनों में दूध के दाम बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी का कहना है कि इसके जरिये किसानों से दूध की खरीद की बढ़ी हुई लागत का आंशिक बोझ उपभोक्ताओं के कंधों पर डाला जाएगा।
आईटीसी के मुख्य परिचालन अधिकारी (डेयरी एवं बेवरिजेस) संजय सिंघल ने कहा कि पिछले नौ महीनों के दौरान किसान लागत का दबाव झेल रहे थे और इसलिए कंपनी की खरीद कीमतों में 3 से 4 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, ‘इसलिए विनिर्माताओं ने लागत का आंशिक बोझ को मूल्य वृद्धि के जरिये आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।’ इससे पहले जून 2021 में मूल्य वृद्धि की गई थी और उस दौरान कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। सिंघल ने यह नहीं बताया कि कीमतों में इस बार कितनी वृद्धि करने की योजना है। हालांकि डेयरी बाजार की अग्रणी कंपनी अमूल ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है। आईटीसी ने करीब चार साल पहले बिहार और उसके बाद पश्चिम बंगाल में ताजा दूध का कारोबार शुरू किया था।