खाद्य तेलों के खुदरा दाम 5 से 20 रुपये किलो घटे : खाद्य सचिव

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 11:43 PM IST

खाद्य सचिव सुधांशु पांडेय ने आज कहा कि देशभर के प्रमुख खुदरा बाजारों में खाद्य तेल की कीमतों में 5-20 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है। सरकार द्वारा आयात शुल्क में कटौती के साथ जो अन्य उपाय किए गए हैं, उनसे खाद्य तेलों के दाम नीचे आए हैं।
अधिकारी ने कहा कि ब्रांडेड तेल कंपनियों ने भी नए स्टॉक के लिए दरों में संशोधन किया है। घरेलू खाद्य तेल की कीमतें वैश्विक कीमतों के अनुरूप बढ़ी हैं। इंडोनेशिया, ब्राजील और अन्य देशों में जैव ईंधन के लिए खाद्य तेलों को उपयोग में लाने (डायवर्जन करने) के बाद खाद्य तेलों की उपलब्धता कम हुई है जिससे कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। पांडेय ने एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, सरकार ने उपभोक्ताओं को उच्च कीमतों से राहत सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। हम 167 केंद्रों में इसके असर को साझा करके खुश हैं। देशभर के प्रमुख खुदरा बाजारों में खाद्य तेल की कीमतों में पांच रुपये से 20 रुपये प्रति किलोग्राम तक के दायरे में पर्याप्त गिरावट आई है।
उन्होंने कहा कि  दिल्ली में खुदरा पाम तेल की कीमत तीन नवंबर को 139 रुपये प्रति किलोग्राम से पांच रुपये घटकर 133 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में यह 140 रुपये प्रति किलोग्राम से 18 रुपये गिरकर 122 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।

First Published : November 5, 2021 | 11:46 PM IST