आरआईएल-बीपी का पहला को-ब्रांडेड पेट्रोल पंप

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 11:57 PM IST

रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) और बीपी के ईंधन एवं मोबिलिटी संयुक्त उपक्रम रिलायंस बीपी मोबिलिटी (आरबीएमएल) ने मंगलवार को नवी मुंबई के नावडे में अपना पहला जियो-बीपी ब्रांडेड मोबिलिटी स्टेशन (मुख्य तौर पर फ्यूल पंप) पेश किया। आरआईएल द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि 1400 से ज्यादा ईंधन पंपों के मौजूदा नेटवर्क को जियो-बीपी के तौर पर रीब्रांडेड किया जाएगा।
ये जियो-बीपी मोबिलिटी स्टेशन उपभोक्ताओं के लिए कई तरह की सेवाओं की पेशकश करेंगे। इनमें एडिटिव वाले ईंधन (आरआईएल इन्हें एडिटिविज्ड फ्यूल नाम दे रही है), इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग, रीफ्रेशमेंट और फूड जैसी सेवाएं शामिल होंगी। इन नए आउटलेटों ने कई और कम कार्बन समाधान पेश करने की भी योजना बनाई है। आरआईएल के बयान में कहा गया है, ‘दैनिक इस्तेमाल से जुड़े ईंधनों के बजाय, पूरे देश में जियो-बीपी मोबिलिटी स्टेशन बगैर किसी अतिरिक्त खर्च के एडिटिविज्ड ईंधन की पेशकश करेंगे। यह ईंधन पेशकश अंतरराष्ट्रीय तौर पर विकसित ‘ऐक्टिव’ टेक्नोलॉजी की मदद से की जाएगी, जो इंजनों को साफ बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण इंजन कलपुर्जों पर सुरक्षात्मक परत बनाने में मदद करती है।’

First Published : October 26, 2021 | 11:20 PM IST