वाहनों की बिक्री में 11 फीसदी इजाफा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 2:10 PM IST

 भारत में सभी श्रेणियों के वाहनों की बिक्री सितंबर में सालाना आधार पर 11 फीसदी बढ़ी। मंगलवार को फेडेरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर (फाडा) ने यह जानकारी दी।
हालांकि अभी भी उद्योग का कारोबार महामारी से पहले वाली स्थिति में नहीं पहुंच पाया है। सितंबर 2019 की तुलना में अभी भी बिक्री में 4 फीसदी की कमी है। आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी मांग कम हो गई है। सालाना आधार पर सितंबर माह में दोपहिया वाहनों की बिक्री में 9 फीसदी और तिपहिया वाहनों की बिक्री में 72 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई। 
यात्री वाहनों में 10 फीसदी और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, वहीं ट्रैक्टर की बिक्री में 1.5 फीसदी की कमी आ गई है। उद्योग जगत को अक्टूबर माह में भी त्योहार होने के कारण ऐसी ही बिक्री जारी रहने के आसार हैं।
फाडा के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने कहा कि सितंबर माह में ऑटो विक्रेताओं ने वाहनों की कुल बिक्री 11 फीसदी की बढ़ोतरी देखी। 10 से 25 सितंबर तक चले पितृपक्ष में लोगों ने नए वाहन नहीं खरीदे और इसके बाद 26 सितंबर से नवरात्रि की शुरुआत हो गई। ऐसे में इस महीने की कुल बिक्री का सही अनुमान नहीं लगाया जा सका है। 
सितंबर 2019 से अगर तुलना की जाए तो वाहनों की खुदरा बिक्री में 14 फीसदी की कमी आ गई है। मुख्य रूप से इनपुट लागत में बढ़ोतरी के कारण दोपहिया वाहनों ने पिछले एक साल के दौरान पांच बार वाहनों की कीमत बढ़ाई है। इसके अलावा भी, भारतीय रिजर्व बैंक की महंगाई को लेकर उठाए गए कदम के कारण भी कीमत की दरें बढ़ती रहीं और वाहन ऋण भी खर्चीला रहा।

First Published : October 4, 2022 | 10:27 PM IST