1एमजी भी बन गई यूनिकॉर्न

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 3:53 PM IST

 टाटा डिजिटल की अगुआई में रकम जुटाने के एक दौर में करीब 4 करोड़ डॉलर पाने के बाद ऑनलाइन फार्मेसी प्लेटफॉर्म टाटा 1एमजी यूनिकॉर्न बन गई है। मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। खबर लिखे जाने तक कंपनी ने मूल्यांकन पर टिप्पणी नहीं की थी। 1 एमजी ने वित्त पोषण के इस दौर समेत 16 दौर में 23.08 करोड़ डॉलर जुटाए हैं।
इस दौर में भाग लेने वाली अन्य कंपनियों में मौजूदा निवेशक एमपीओएफ मॉरीशस, एचबीएम हेल्थकेयर इन्वेस्टमेंट्स, केडब्ल्यूई बेटेलिगुनगेन व अन्य शामिल हैं।
कंपनी रजिस्ट्रार की सूचना में कहा गया है कि टाटा डिजिटल ने कंपनी के 24,711 शेयरों के लिए तकरीबन 254.63 करोड़ रुपये  (करीब 3.2 करोड़ डॉलर) का निवेश किया है। इस दौर में कुल 30,992 शेयर आवंटित किए गए हैं। प्रत्येक शेयर के दाम 1,03,046 रुपये के  प्रीमियम पर है।
टाटा संस की हालिया वा​र्षिक रिपोर्ट के अनुसार टाटा डिजिटल ने 1 एमजी में 58.7 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की थी। कैलेंडर वर्ष 2021 के अंत तक इसने चार प्रतिशत की अतिरिक्त हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया, जिससे इसकी कुल हिस्सेदारी 62.97 प्रतिशत हो गई। कुछ सप्ताह पहले टाटा डिजिटल ने 1 एमजी के संस्थापकों को कॉल ऑपरेशन दिया है, जिसके तहत टाटा 448 करोड़ रुपये में शेष हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर सकती है।
टाटा 1 एमजी की स्थापना वर्ष 2015 में की गई थी और वर्ष 2021 में टाटा डिजिटल द्वारा इसका अ​धिग्रहण कर लिया गया था। यह प्लेटफॉर्म 1,800 से ज्यादा शहरों में स्वास्थ्य संबंधी उत्पादों की डिलिवरी करता है। अब तक यह प्लेटफॉर्म 3.1 करोड़ से अधिक ऑर्डरों की डिलिवरी कर चुका है और इसके पास 26 करोड़ ‘विजिटर’ हैं। इस साल मार्च में 1 एमजी ने डायग्नोस्टिक फर्म 5सी नेटवर्क में निवेश किया था।
इस ताजा वित्त पोषण से कंपनी को रिलायंस के नेटमेड और फार्मईजी से मिलने वाली प्रतिस्पर्धा के मुकाबले अपना दायरा बढ़ाने में मदद मिलेगी।
हालांकि वर्ष 2022 में यूनिकॉर्न निर्माण की रफ्तार में कमी आई है, लेकिन देश इस सूची में लगातार यूनिकॉर्न शामिल कर रहा है। ट्रैक्जन के आंकड़ों के अनुसार 1 एमजी से पहले भारत में 104 यूनिकॉन थीं। वर्ष 2022 की शुरुआत के बाद से भारत ने 20 यूनिकॉर्न शामिल कर चुका है। यूनिकॉर्न कंपनियों की इस सूची में शामिल होने वाले कुछ हालिया नामों में शामिल हैं 
5आईआरई, वनकार्ड, लीडस्क्वायर्ड, फिजिक्सवाला ​आदि।

First Published : September 6, 2022 | 10:00 PM IST