हवाई अड्डों के लिए अदाणी की योजना

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:40 PM IST

अदाणी समूह की हवाईअड्डों पर वाणिज्यिक क्षेत्र तीन गुना करने तथा मल्टीप्लेक्स और लेगोलैंड थीम पार्क्स बनाने की योजना है।  इनके अलावा वह मुंबई हवाईअड्डे पर भीड़भाड़ को कम करने के लिए एक प्रमुख विमानन कंपनी की उड़ानों का परिचालन यहां के बजाय नवी मुंबई से कराना चाहता है। अदाणी समूह अपने आठ हवाईअड्डों से आय बढ़ाने के लिए इन कदमों पर विचार कर रहा है।
अदाणी समूह की कंपनी अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स (एएएचएल) वर्तमान में मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, मंगलूरु, जयपुर, गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम हवाईअड्डे का परिचालन कर रही है। यह नवी मुंबई हवाईअड्डे का भी विकास कर रही है जिसके 2024 तक चालू होने की उम्मीद है।
मामले के जानकार लोगों ने कहा कि पिछले हफ्ते निवेशकों के साथ बैठक में अदाणी समूह के अधिकारियों ने हवाईअड्डा योजना को लेकर दो प्रस्तुतीकरण दिए थे। इस मामले में जनकारी के लिए बिज़नेस स्टैंडर्ड 
द्वारा भेजे गए ईमेल का खबर लिखे जाने तक अदाणी समूह ने कोई जवाब नहीं दिया।
मुंबई हवाईअड्डा देश का दूसरा सबसे व्यस्त हवाईअड्डा है। एक प्रस्तुतीकरण में कहा गया है कि शहर के मध्य में स्थित होने की वजह से सालाना 6 करोड़ यात्रियों की आवाजाही से ज्यादा क्षमता विस्तार की गुंजाइश नहीं है। इसका मतलब है कि मुंबई हवाईअड्डे पर विमानन कंपनियों के लिए प्रभावी तौर पर नया स्लॉट उपलब्ध नहीं है।
निवेशक समुदाय से जुड़े सूत्रों के अनुसार अदाणी समूह के प्रस्तुतीकरण में कहा गया है कि मुंबई हवाईअड्डे पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों वाली दो प्रमुख विमानन कंपनियां- इंडिगो और एयर इंडिया का परिचालन होता है। इनमें से एक विमानन कंपनी को नवी मुंबई इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट किया जा सकता है जिससे मुंबई इंटरनैशनल एयरपोर्ट (मायल) पर दबाव कम हो सके।
विमानन कंपनी का परिचालन नवी मुंबई हवाईअड्डे से कराने से उन्हें प्रमुख स्लॉट का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पूरे बेड़े को मुंबई से नवी मुंबई ले जाने की लागत भी ज्यादा नहीं है। इस बारे में संपर्क करने पर इंडिगो और एयर इंडिया ने भी कोई टिप्पणी नहीं की।
विमानन विश्लेषक कंपनी सिरियम के डेटा के अनुसार मुंबई हवाईअड्डे पर वर्तमान में हर हफ्ते 2,573 विमान उड़ान भरते हैं और इनमें से 919 इंडिगो की और 390 एयर इंडिया की उड़ानें हैं। विस्तारा की 364 और गो फर्स्ट की 243 उड़ानों का परिचालन किया जाता है।
दूसरे प्रस्तुतीकरण में कहा गया था कि समूह की योजना 2027 तक सात परिचालन वाले हवाईअड्डों में यात्रियों की क्षमता को 3.1 करोड़ से बढ़ाकर 7.5 करोड़ करने की है। पहले चरण में नवी मुंबई हवाईअड्डे का परिचालन दिसंबर 2024 तक शुरू किया जाएगा और इसकी क्षमता 2 करोड़ यात्रियों की आवाजाही की होगी।
अदाणी समूह उन अंतरराष्ट्रीय मार्गों को लक्षित करना चाहता है जहां फिलहाल उड़ानों का संचालन नहीं किया जाता है और अपने हवाईअड्डों पर चौड़ी बॉडी वाले विमानों की हिस्सेदारी बढ़ाना चाहता है। मुंबई हवाईअड्डे को दुबई हवाईअड्डे की तरह ट्रांजिट हब के तौर पर विकसित करने की भी उसकी योजना है। 
गैर-विमानन आय बढ़ाने के लिए अदाणी समूह अपने आठों हवाईअड्डों पर वाणिज्यिक क्षेत्र को 2025 तक तीन गुना तक बढ़ाना चाहता है। मुंबई हवाईअड्डे पर वाणिज्यिक क्षेत्र को मौजूदा 28,000 वर्ग मीटर से बढ़कर 47,000 वर्ग मीटर करने, लखनऊ में 17 गुना बढ़ाकर 17,000 वर्ग मीटर और गुवाहाटी हवाईअड्डे के वाणिज्यिक क्षेत्र को 1,000 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 14,000 वर्ग मीटर करने का प्रस्ताव है।
समूह हवाईअड्डों पर परिधान, परफ्यूम, बेकरी, मिठाई, जते-चप्पल और लगेज के प्रीमियम ब्रांडों के आउटलेट को आकर्षित करेगी ताकि औसत लेनदेन मूल्य (एटीवी) बढ़कर 60 फीसदी से 200 फीसदी के बीच पहुंच सके। उदाहरण के तौर पर लगेज श्रेणी में औसत एटीवी महज 6,500 रुपये है लेकिन सैमसोनाइट का एटीवी 11,000 रुपये है। इसी तरह फुटवेयर श्रेणी में एटीवी 5,000 रुपये है लेकिन स्टीव मैडन का एटीवी करीब 8,500 रुपये है।
सूत्रों ने कहा कि पहले चरण में सिटी साइड विकास योजना के तहत अदाणी समूह पांच जगहों पर एक्वेरियम बनाने, तीन जगहों पर लेगोलैंड थीम पार्क विकसित करने और पांच जगहों पर वर्चुअल रिएलिटी पार्क बनाने तथा दो जगहों पर मैडम तुसाद संग्रहालय बनाने की है। 
51 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में 3 सितारा से लेकर पांच सितारा 21 होटल बनाने की योजना है। इसके साथ ही 2,200 बिस्तरों वाले छह अस्पताल, कुल 66 स्क्रीन के साथ मल्टीप्लेक्स और खाने-पीने के नौ जोन विकसित किए जाएंगे। 
 

First Published : October 16, 2022 | 10:25 PM IST