रक्षा एवं एयरोनॉटिक्स क्षेत्र में अपनी पैठ बढ़ाते हुए अदाणी डिफेंस सिस्टम्स ऐंड टेक्नोलॉजिज लिमिटेड ने वाणिज्यिक तौर पर ड्रोन बनाने वाली बेंगलूरु की कंपनी जनरल एयरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड में 50 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने की घोषणा की है। अदाणी डिफेंस सिस्टम्स ऐंड टेक्नोलॉजिज लिमिटेड अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई है।
दोनों पक्षों में से किसी ने भी सौदे की रकम का खुलासा नहीं किया है। जनरल एयरोनॉटिक्स में 50 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण से अदाणी डिफेंस सिस्टम्स ऐंड टेक्नोलॉजिज को अपना सैन्य ड्रोन तैयार करने और घरेलू कृषि क्षेत्र में विस्तारित कार्य के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी।
जनरल एयरोनॉटिक्स एंड-टु-एंड कृषि प्लेटफॉर्म समाधान उपलब्ध कराती है। वह कृषि क्षेत्र के लिए फसल सुरक्षा सेवा, फसल स्वास्थ्य, कीमती फसलों की खेती और उपज की निगरानी के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग के साथ ड्रोन एवं ड्रोन आधारित समाधान उपलब्ध कराती है।
यह अधिग्रहण सौदा 31 जुलाई 2022 तक पूरा होने की उम्मीद है। बीएसई पर अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर आज 1.58 फीसदी बढ़त के साथ 2,080.10 रुपये पर बंद हुआ।