आदित्य बिड़ला फैशन जीआईसी से जुटाएगी 2,195 करोड़ रुपये

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 6:45 PM IST

आदित्य बिड़ला फैशन ऐंड रिटेल (एबीएफआरएल) के निदेशक मंडल ने मंगलवार को आयोजित बैठक में जीआईसी के सिंगापुर सॉवरिन वेल्थ फंड को तरजीही शेयर और वॉरंट जारी कर 2,195 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी दे दी। इक्विटी व वॉरंट के तहत जीआईसी 770 करोड़ रुपये निवेश करेगी। इसके बाद 18 महीने के भीतर एक या एक से अधिक चरणों में 1,425 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
पूरे निवेश के बाद जीआईसी के पास एबीएफआरएल की करीब 7.5 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी होगी। इस लेनदेन के ब ाद आदित्य बिड़ला समूह के पास कंपनी की करीब 51.9 फीसदी हिस्सेदारी होगी। कंपनी ने एक बयान में यह जानकारी दी।
एबीएफआरएल इस पूंजी का इस्तेमाल मौजूदा कारोबारों की बढ़त पर करना चाहती है। यह लेनदेन नियामकीय मंजूरी पर निर्भर करेगा। आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला के हवाले से कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, बड़े व उभरते मध्य वर्ग के मजबूत फंडामेंटल, बढ़ती आय और ब्रांडों को लेकर रुझान आदि के कारण भारतीय परिधान उद्योग लंबी अवधि में मजबूत बढ़त हासिल करेगा।
बिड़ला ने कहा कि मजबूत ब्रांड का विशाखित पोर्टफोलियो, विस्तृत वितरण नेटवर्क और स्थापित कारोबारी मॉडल के जरिये एबीएफआरएल इस बाजार में अग्रणी कंपनियों में से एक बन गई है और इस मौके का फायदा उठाने के लिए सही स्थिति में है। उन्होंने कहा, कंपनी के लंबे समय के साझेदार वैश्विक संस्थागत निवेशक जीआईसी का स्वागत करते हुए हमें प्रसन्नता हो रही है।
एबीएफआरएल के प्रबंध निदेशक आशिष दीक्षित ने कहा, पिछले कुछ वर्षों में कंपनी ने भारतीय फैशन बाजार में खुद के दम पर व विलय-अधिग्रहण के जरिये सभी बड़े व आकर्षक सेगमेंट में अच्छी मौजूदगी बनाई है।

First Published : May 25, 2022 | 12:35 AM IST