भारत की चौथी सबसे बड़ी फार्मा कंपनी जायडस कैडिला ने दक्षिण अफ्रीकी कंपनी सिमालय फार्मास्युटिकल्स का अधिग्रहण कर लिया है। कैडिला ने कंपनी के 70 फीसदी शेयर खरीद लिए हैं।
शेयरों की खरीद का यह काम कैडिला ने खुद नहीं किया है, बल्कि अपनी सहायक कंपनी जायडस हेल्थकेयर एसएपटीवाई के जरिये उसने हिस्सेदारी खरीदी है। हालांकि इसके लिए कंपनी ने कितनी रकम खर्च की है, इस बात का खुलासा नहीं किया गया।
सिमालय के बाकी शेयर उसके प्रमोटर, बेन क्लासेन के पास ही रहेंगे। इस खरीद के बाद भी बेन ही कंपनी के ऑपरेशंस प्रमुख बने रहेंगे। वित्त वर्ष 2007-08 में सिमालय का राजस्व 10 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का रहा था। लेकिन इस साल सभी को यह आंकड़ा कम से कम 22 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।
अगले तीन साल में जाइडस कैडिला की योजना दवा बाजार में लगभग 50 नए उत्पाद पेश करने की है। इनका उत्पादन कंपनी के अहमदाबाद संयंत्र में किया जाएगा। इनका विपणन सिमालय के जरिये भी होगा।दक्षिण अफ्रीका के अलावा सिमालय इन उत्पादों को नामीबिया, अंगोला, बोत्सवाना, स्वाजिलैंड और मोजांबिक जैसे देशों में भी बेचेगी।
अधिग्रहण के मामले में कैडिला की रफ्तार इस साल कुछ ज्यादा ही तेज है। कैलेंडर वर्ष में उसका यह दूसरा अधिग्रहण है। कुछ ही दिन पहले उसने स्पेन की कंपनी कॉम्बिक्स लेबोरेट्रीज का भी अधिग्रहण किया था। उसने स्पेनिश कंपनी के 100 फीसद शेयर खरीदे थे।