आने वाले त्योहारों के सीजन के लिए टाटा समूह ने अपनी दो एयरलाइन कंपनियों में कई नए विमान शामिल करने की योजना बनाई है। साल 2023 तक टाटा अपनी दो एयरलाइन कंपनियों ‘एयर इंडिया’ और ‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ के लिए 6 बोइंग 777-2000 एयरक्राफ्ट और 25 A320 नियो एयरक्राफ्ट एयरबस को लीज़ पर लेने का फैसला किया है। इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के अनुसार साल 2023 के पहले तिमाही में इन नए विमानों को लीज़ पर लेने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
इसी के साथ टाटा समूह बोइंग और एयरबस से छोटे-बड़े करीब 200 विमानों को खरीदने की प्रक्रिया के आखिरी चरण में है। हालांकि ऐसा अनुमान है कि इन विमानों की डिलीवरी साल 2024 के अंत तक ही शुरू हो पाएगी। रिपोर्ट की मानें तो तब तक की जरूरत को पूरा करने के लिए ही कंपनी मे विमानों को लीज़ पर लेने का फैसला लिया है।
बोइंग 777 को यूएस के डेल्टा एयरलाइन्स से लीज़ पर लिया जाएगा। जो कि अक्टूबर में एयर इंडिया के विमानों में शामिल हो सकते हैं। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार इन बोइंग 777 को इंडिया और यूएस के रूट पर फ्लाइट्स की संख्या बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
गौरतलब है कि टाटा समूह की तीन एयरलाइन्स, एयर इंडिया, एयरएशिया इंडिया और विस्तारा की मौजूदा समय में भारतीय एविएशन मार्केट की 24 प्रतिशत हिस्सेदारी है।