कंपनियां

Air India और Vistara के विलय में देरी, FDI और नियामकीय मंजूरी का इंतजार

सिंगापुर एयरलाइंस को Air India में 25.1% हिस्सेदारी मिलेगी

Published by
भाषा   
Last Updated- February 20, 2024 | 10:26 PM IST

सिंगापुर एयरलाइंस ने मंगलवार को कहा कि Air India और Vistara का प्रस्तावित विलय प्रगति पर है और वह प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) एवं अन्य नियामकीय मंजूरियों का इंतजार कर रही है।

Vistara सिंगापुर एयरलाइंस और टाटा समूह का संयुक्त उद्यम है। Air India के साथ Vistara के विलय की घोषणा नवंबर, 2022 में की गई थी।

इस सौदे के तहत सिंगापुर एयरलाइंस को Air India में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलेगी। सिंगापुर एयरलाइंस ने दिसंबर तिमाही के अपने नतीजों की घोषणा करते हुए कहा कि इस विलय से भारत में उसकी उपस्थिति बढ़ेगी, उसकी मल्टी-हब रणनीति मजबूत होगी और उसे भारत के बड़े एवं तेजी से बढ़ते विमानन बाजार में सीधे भाग लेने की अनुमति मिल जाएगी।

कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘Air India और Vistara का प्रस्तावित विलय प्रगति पर है। इसके लिए एफडीआई और अन्य नियामकीय अनुमोदन लंबित हैं। इसके पूरा होने पर सिंगापुर एयरलाइंस को विस्तारित Air India ग्रुप में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी मिल जाएगी।“

Vistara के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विनोद कन्नन ने पिछले महीने कहा था कि यह विलय सौदा 2025 के मध्य तक पूरा होने और लेनदेन के लिए सभी कानूनी मंजूरी इस साल के मध्य तक मिलने की उम्मीद है।

First Published : February 20, 2024 | 10:26 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)