अनिल की कंपनियां देंगी 5 लाख नौकरियां

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 05, 2022 | 8:42 PM IST

रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह ने अगले 4-5 साल में कम से कम 5 लाख पेशेवरों को नौकरी देने की योजना बनाई है।


समूह की नई कंपनी रिलायंस एचआर सर्विसेज (आरएचआरएस) इस भारी भरकम काम को अंजाम देगी।इन कर्मचारियों को समूह की कंपनियों रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस वेबस्टोर्स, रिलायंस कैपिटल, रिलायंस कंज्यूमर फाइनैंस, रिलायंस मनी, रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस और रिलायंस एनर्जी में नियुक्त किया जाएगा।


इनमें लगभग 90 फीसदी कर्मचारियों को सेल्स विभाग में लिया जाएगा। बाकी ग्राहक सेवा और अन्य कामों में लगाए जाएंगे। आरएचआरएस के मुख्य कार्यकारी अमिताभ घोष ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘इस समय हमारे समूह की विभिन्न कंपनियों में लगभग 20,000 कर्मचारी काम कर रहे हैं।’


अगले पांच वित्त वर्षों के लिए आरएचआरएस का वरिष्ठ प्रबंधन दल योजना बना चुका है।इस पर चलकर कंपनी समूह का मानव संसाधन संभालने वाली इकाई से आगे जाकर वैश्विक एचआर आउटसोर्सिंग एवं सलाहकार कंपनी बन जाएगी। घोष के मुताबिक 2013 में आरएचआरएस का पूरी तरह कायाकल्प हो जाएगा। कंपनी 2009 में ही दूसरी कंपनियों के लिए भी कर्मचारियों की नियुक्ति का काम ठेके पर लेना शुरू कर देगी।


घोष कहते हैं, ‘ये सेवाएं उन क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों को भी दी जाएंगी, जिनमें रिलायंस समूह कारोबार कर रहा है। लेकिन हम उन क्षेत्रों में भी काम करेंगे, जिनसे रिलायंस समूह का फिलहाल र्कोई लेना देना नहीं है। मिसाल के तौर पर हम उन कंपनियों को भी एचआर सेवाएं दे सकते हैं, जो रिटेल, सूचना प्रौद्योगिकी, बीपीओ वगैरह से जुड़ी हैं।’


कंपनी की योजना यहीं खत्म नहीं हो जाती। वह सलाहकार सेवाएं भी देगी, जिनमें तमाम तरह के सर्वेक्षण और फीडबैक रिपोर्ट भी शामिल होंगे। कंपनी का इरादा आगे जाकर दुनिया की जानी मानी कंपनियों के खाते संभालना है।


रिलायंस समूह के लिए ही बड़ी तादाद में पेशेवरों की भर्ती के वास्ते कंपनी की टीम तो जुट ही गई है, समूह की दूसरी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी भी साथ लग गए हैं। इनमें रिलायंस कम्युनिकेशंस के व्यक्तिगत व्यापार, उद्योग व्यापार औैर डीटीएच विभाग, आरडब्ल्यूएसएल, आरकैप, आरसीएफ, आरजीएल, आरमनी और आरएलआई के प्रतिनिधि शामिल हैं। वे सभी इसके लिए देश में कई रोजगार मेले लगाने के बारे में सोच रहे हैं। सबसे पहला मेला गुवाहाटी में लगाने की योजना है।


घोष ने बताया कि नियुक्ति के लिएर् कई माध्यम चुने जाएंगे। इसके लिए सलाहकार एजेंसियों की मदद ली जाएगी और तमाम अखबारों में रिक्तियों के बारे में विज्ञापन भी निकाले जाएंगे।रिलायंस एचआर के 13 शहरों में कार्यालय हैं। फिलहाल समूह की अन्य कंपनियों के कार्यालय परिसर में ही उसके भी दफ्तर हैं।


कंपनी अपनी इस योजना के तहत जिन लोगों की नियुक्ति करेगी, उनमें सबसे बड़ी तादाद अनुभवहीन व्यक्तियों यानी फ्रेशर्स की होगी।उन्हें शुरुआत में 7,000 से 12,000 रुपये महीने की तनख्वाह दी जाएगी। इन सभी को उनके प्रदर्शन के आधार पर 10,000 रुपये से 25,000 रुपये महीने तक का इंसेंटिव भी दिया जाएगा।


जिन कर्मचारियों को 5 साल तक का कामकाज का अनुभव होगा, रिलायंस एचआर उन्हें शुरुआत में 15,000 से 25,000 रुपये दिए जाएंगे। जहां तक प्रदर्शन के आधार पर इंसेंटिव की बात है, तो कंपनी किसी तरह का भेदभाव नहीं कर रही है। उन्हें भी हर महीने 10,000 से 25,000 रुपये का इंसेंटिव पाने का मौका मिलेगा।


छोटे अंबानी देंगे रोजी रोटी


रिलायंस समूह की विभिन्न कंपनियों के लिए 5 साल में होंगी 5 लाख नियुक्तियां
फ्रेशर्स को भी अनिल अंबानी देंगे अच्छा पैकेज और बढ़िया इनसेंटिव

First Published : April 10, 2008 | 12:39 AM IST