कंपनियां

अवाडा समूह गुजरात में करेगा 40,000 करोड़ रुपये का निवेश

अवाडा समूह सौर मॉड्यूल, नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और हरित हाइड्रोजन, हरित मेथनॉल, हरित अमोनिया तथा टिकाऊ विमानन ईंधन के लिए बड़े पैमाने पर परियोजनाओं के विकास का काम करता है।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 15, 2024 | 11:11 PM IST

अवाडा समूह ने गुजरात में 6,000 मेगावाट की हाइब्रिड पवन-सौर परियोजनाएं विकसित करने के लिए 40,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जतायी है।

कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, 10 से 12 जनवरी तक गांधीनगर में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन-2024 के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की उपस्थिति में अवाडा समूह ने गुजरात सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

इस रणनीतिक गठबंधन का लक्ष्य राज्य में करीब 40,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ कुल 6,000 मेगावाट (6 गीगावॉट) क्षमता वाली हाइब्रिड पवन-सौर परियोजनाएं स्थापित करना है।

अवाडा समूह के चेयरपर्सन विनीत मित्तल ने बयान में कहा ‘यह रणनीतिक साझेदारी एक मजबूत, स्वच्छ ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसके अलावा हम पहले से ही दो गीगावॉट क्षमता की परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं जो गुजरात राज्य में चालू हैं या कार्यान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं।’

अवाडा समूह सौर मॉड्यूल, नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और हरित हाइड्रोजन, हरित मेथनॉल, हरित अमोनिया तथा टिकाऊ विमानन ईंधन के लिए बड़े पैमाने पर परियोजनाओं के विकास का काम करता है।

First Published : January 15, 2024 | 11:11 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)