बीएसएनएल-एमटीएनएल शुरू करेंगी 3जी सेवाएं

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 8:03 PM IST

देश भर के ग्राहक अगले साल जुलाई से 3जी जैसी बेहतर तकनीक का इस्तेमाल कर सकेंगे।


सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कुलदीप गोयल ने कहा, ‘हम इस साल दिसंबर से इस सेवा के लिए नेटवर्क बिछाना शुरू कर देंगे। इस कार्य को अगले साल जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।’

गोयल ने कहा, ‘दिसंबर से बीएसएनएल उत्तर और पूर्वी भारत में नेटवर्क लगाने का कार्य शुरू कर देगी। इसके बाद के अगले 6 महीनों में कंपनी देश भर में इस नेटवर्क को फैलाएगी। ताकि जुलाई 2009 तक देश भर में 3जी सेवाएं शुरू की जा सके।’ हालांकि कंपनी ने पहले इस सेवा को इस साल के अंत तक शुरू करने की बात कही थी। 

बीएसएनएल और महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल) को दूरसंचार विभाग से देश भर में 3जी सेवाएं शुरू करने के लिए 5 मेगाहट्र्ज स्पेक्ट्रम का आवंटन कर दिया है। हालांकि निजी दूरसंचार कंपनियों को 3जी स्पेक्ट्रम की बोली लगाने के लिए दिसंबर तक इंतजार करना पड़ेगा। 3जी स्पेक्ट्रम के आवंटन के बाद ही यह कं पनियां इस सेवा को शुरू कर पाएंगी।

उन्होनें बताया कि इस सेवा को शुरू करने के लिए जरूरी उपकरणों की खरीद के ऑर्डर पहले ही दिए जा चुके हैं। पहले चरण में बीएसएनएल ने 2.3 करोड़ जीएसएम लाइनों के लिए ऑर्डर दे दिया है। इसमें से एक चौथाई 3जी सेवाओं के लिए हैं। इसके अलावा बीएसएनएल ने 9.3 करोड़ जीएसएम सेवाओं के लिए भी टेंडर जारी कर दिया है। इसमें भी लगभग 25 फीसदी लाइन जीएसएम सेवाओं के लिए ही हैं। इस टेंडर को 10 सितंबर को खोला जाएगा।

 बीएसएनएल ने पुणे में परीक्षण के तौर पर 3जी मोबाइल फोन सेवा को शुरू भी कर दिया है। इसके तहत कंपनी पुणे में रहने वाले बीएसएनएल के लगभग 2,000 पोस्टपेड ग्राहकों को 2 एमबीपीएस सेवा मुफ्त में मुहैया करा रही है।

इसके साथ ही बीएसएनएल ने पंजाब नेशनल बैंक के साथ बिल भुगतान की सेवाओं के लिए भी करार किया है। इस करार के तहत बीएसएनएल उपभोक्ता देश भर में पीएनबी के 1,700 एटीएम के जरिए अपने फोन बिल का भुगतान करेंगे।

First Published : September 6, 2008 | 12:31 AM IST