कैमलिन फाइन की नजर टिकी अमेरिकी कंपनी पर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 7:08 PM IST

फूड प्रीजर्वेटिव्स यानी खाद्य पदार्थों की रक्षा करने वाले तत्वों की निर्माता कैमलिन फाइन केमिकल्स एक साझा उपक्रम तैयार करने के लिए अमेरिका की केमिन इंडस्ट्रीज से बातचीत कर रही है।


कंपनी विशेष भोजन अवयवों के निर्माण और बिक्री के लिए इस नामी कंपनी के साथ यह साझा उपक्रम तैयार करना चाहती है। केमिन पोषक अवयवों को तैयार करने वाली बड़ी कंपनी है। यह 60 से भी अधिक देशों में फार्मास्युटिकल, न्यूट्रास्यूटिकल, भोजन, एग्रीफूड जैसे व्यवसायों में सक्रिय है।

कैमलिन फाइन केमिकल्स के प्रबंध निदेशक आशीष दांडेकर ने कहा, ‘हम केमिन के साथ बातचीत कर रहे हैं। यह एक साझा उपक्रम या एक रणनीतिक मार्केटिंग करार हो सकता है। हमें उम्मीद है कि एक या दो महीने के अंदर इस करार की घोषणा कर दी जाएगी।’

उन्होंने बताया कि स्पेशलिटी फूड इंग्रीडिएंट्स का बाजार तकरीबन 2150 करोड़ रुपये का है और हमें उम्मीद है कि हम इस संयुक्त भागीदारी से पहले साल में 21-30 करोड़ रुपये का कारोबार कर लेंगे। कैमलिन फाइन केमिकल्स टीबीएचक्यू और बीएचए जैसे फूड ग्रेड एंटी-ऑक्सीडेंट्स की विश्व की सबसे बड़ी निर्माता है।

कंपनी इन उत्पादों की क्रमश: 3000 और 2000 टन सालाना बिक्री करती है। इसका 70 फीसदी से अधिक राजस्व फूड एंटी-ऑक्सीडेंट्स से आता है। दांडेकर ने बताया कि कैमलिन ने स्वीटनर्स और न्यूट्रास्यूटिकल्स व्यवसाय में भी उद्यम स्थापित किया है। कंपनी ने कृत्रिम स्वीटनर सुक्रालोज विकसित किया है।

कैमलिन की अमेरिकी सहयोगी कंपनी डुलसेट्टे टेकनोलॉजीज इस स्वीटनर को अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में बेचती है। इसने अमेरिका की एडवांस्ड एरोस्पेस टेक्नोलॉजिज के साथ ‘केमोल्यूशंस केमिकल्स’ नाम से साझा उपक्रम तैयार किया है।

First Published : September 1, 2008 | 2:20 AM IST