मंदी की मार.. मकान के साथ कार!

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 7:03 PM IST

देश भर के संपत्ति कारोबारी महंगाई और मंदी से बेजार होकर अब ग्राहकों को लुभाने के लिए अनूठी पेशकश करने लगे हैं। इसकी शुरुआत बेंगलुरु से हो चुकी है।


संपत्ति बेचने वाली कंपनियां खरीदारों को कार, जीवनशैली से जुड़ी सुविधाएं मुफ्त में देने और क्लबहाउस की सदस्यता देने तक की पेशकश कर रही हैं। संपत्ति कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि मुख्यत: संपत्ति की मार्केटिंग करने वाली कंपनियों और कुछ निवेशकों या सट्टेबाजों की ओर से चलाई जा रही यह पहल ठीक नहीं है।

वे ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्होंने प्रॉपर्टी में अच्छी-खासी रकम फंसा रखी है और अब वे रकम निकालने की जुगत में हैं। हैबिटेट वेंचर्स के कार्यकारी निदेशक शिवराम मलाकाला के बताया, ‘बेंगलुरु के बाजार में दो तरह के चलन हैं। इनमें एक वर्ग डेवलपरों का है जिन्होंने मकान या प्लॉट की बुकिंग के लिए डाउन-पेमेंट को घटा कर काफी कम कर दिया है।

ये डेवलपर खरीदार को बाकी राशि का भुगतान कब्जे के दौरान करने की पेशकश कर रहे हैं। इसके अलावा घर की मरम्मत, फ्री इंटीरियर या नि:शुल्क क्लब सदस्यता का प्रलोभन दे रहे हैं।’ दूसरा वर्ग मार्केटिंग कंपनियों का है। ये मार्केटिंग कंपनियां अन्य बिल्डरों और डेवलपरों की ओर से तैयार परियोजनाओं की बिक्री कर रही हैं।

इस मॉडल के साथ एक समस्या यह भी है कि बिक्री के बाद प्रत्यक्ष तौर पर संबंध खरीदार और डेवलपर के बीच ही रह जाता है। मार्केटिंग कंपनी बिक्री के बाद परियोजना से पल्ला झाड़ लेती है। जोन्स लांग लासेल मेघराज के कंट्री हेड अनुज पुरी ने कहा, ‘अगर इन सब बातों पर गौर किया जाए तो इन प्रलोभनों का कोई मौद्रिक मूल्य नहीं है। ये डेवलपर अपनी बिक्री को बढ़ावा देने के लिए ऐसे मनोवैज्ञानिक प्रोत्साहनों का सहारा ले रहे हैं। इन निवेशकों या सट्टेबाजों की ओर से फ्लैट या प्लॉट की कीमत के तकरीबन 12-14 फीसदी तक की छूट की पेशकश की जा रही है।’

First Published : August 28, 2008 | 10:59 PM IST