टाटा ग्रुप (Tata Group) अगले पांच वर्षों में सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी और अन्य संबंधित उद्योगों जैसे क्षेत्रों में 5 लाख विनिर्माण नौकरियां (manufacturing jobs) सृजित करेगा। इसकी घोषणा मंगलवार को टाटा समूह के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन (N Chandrasekaran) ने की।
इंडियन फाउंडेशन फॉर क्वालिटी मैनेजमेंट की एक संगोष्ठी में बोलते हुए, टाटा संस के अध्यक्ष ने कहा कि अगर देश विनिर्माण नौकरियां पैदा नहीं कर सकता है, तो भारत एक विकसित राष्ट्र होने के लक्ष्यों को प्राप्त नहीं कर सकता है।
उन्होंने कहा, “… सेमीकंडक्टर में हमारे (टाटा समूह के) निवेश, सटीक विनिर्माण, असेंबली, इलेक्ट्रिक व्हीकल, बैटरी और संबंधित उद्योगों में हमारे निवेश के बीच, मुझे लगता है कि हम अगले पांच वर्षों में पांच लाख विनिर्माण नौकरियां पैदा करेंगे।”
असम में ग्रुप के आगामी सेमीकंडक्टर प्लांट और इलेक्ट्रिक वाहनों और बैटरी के लिए अन्य नई विनिर्माण इकाइयों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, “हम कई प्लांट स्थापित कर रहे हैं।”
हालांकि उन्होंने सभी विवरण नहीं दिए हैं, चंद्रशेखरन ने कहा कि “बुनियादी गणित” के आधार पर, इन नौकरियों से और नौकरियां पैदा होंगी। चूंकि इकोसिस्टम स्थापित करना होगा, उन्होंने कहा कि इस इकोसिस्टम में कम से कम 5 लाख कंपनियां – छोटी, मध्यम आकार की कंपनियां भी स्थापित होंगी।
Also read: India Mobile Congress: डिजिटल दुनिया के लिए वैश्विक नियम और AI के नैतिक इस्तेमाल पर PM मोदी का जोर
उन्होंने इन पहलों में सरकार के समर्थन को स्वीकार किया और निर्माण क्षेत्र में नौकरियों के सृजन की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, “अगर हम विनिर्माण नौकरियां नहीं बना सकते है, तो हम विकसित भारत के लक्ष्यों को प्राप्त नहीं कर सकते, क्योंकि हम सभी जानते हैं कि हर महीने 10 लाख लोग कार्यबल में शामिल हो रहे हैं।”
चंद्रशेखरन ने आगे कहा, “हमें 10 करोड़ नौकरियों का सृजन करना है।” उन्होंने नए युग के मैन्युफैक्चरिंग, जैसे सेमीकंडक्टर्स, के महत्व को स्पष्ट किया, जो हर एक नौकरी के सृजन पर आठ से दस अप्रत्यक्ष नौकरियों का निर्माण करते हैं।
(PTI के इनपुट के साथ)