वेदांत-फॉक्सकॉन का चिप संयंत्र

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 3:37 PM IST

  अहमदाबाद के पास 20 अरब डॉलर की सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले फैब्रिकेशन परियोजना के लिए आज गुजरात सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर करने के बाद वेदांत-फॉक्सकॉन का संयुक्त उद्यम अगले चार से पांच साल में लागत भरपाई के स्तर पर पहुंचने की उम्मीद जता रहा है।
वेदांत समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने इस कार्यक्रम से इतर मीडियाकर्मियों से कहा कि परियोजना के पहले चरण में दो से तीन साल में 10 अरब डॉलर का निवेश होगा और इस संयुक्त उद्यम का लक्ष्य चार से पांच साल में लागत भरपाई के स्तर पर पहुंचना है।
अग्रवाल ने कहा कि इस निवेश के लिए पैसे का इंतजाम आंतरिक वृद्धि के जरिये किया जाएगा। सेमीकंडक्टर क्षमता विकसित करने के लिए प्रमुख देशों में भारी होड़ मची हुई है और अब भारत जल्द ही निर्माण शुरू करने वाला चौथा देश होगा। अगले 15 दिनों में या इसके आसपास हम जमीन की पहचान कर लेंगे और अगले दो से तीन महीनों में हमें आधारशिला रखे जाने रखने की उम्मीद है। लागत भरपाई और लाभ में आने के लिए चार से पांच साल लग जाएंगे, लेकिन हम कड़ी मेहनत करेंगे।
अग्रवाल के अनुसार वेदांत-फॉक्सकॉन संयुक्त उद्यम का लक्ष्य अगले कुछेक साल में फैब इकाइयां चालू करने पर है। धोलेरा को संभावित स्थल के रूप में खारिज करते हुए उन्होंने कहा ‘हमें 400 एकड़ जमीन की जरूरत है, जो अहमदाबाद के पास होनी चाहिए ताकि हमारे पास तैयार बुनियादी ढांचा हो तथा अनुसंधान सहयोग और प्रतिभा के लिए आसपास विश्वविद्यालय हैं। हमने पूंजी, बिजली और पानी की सब्सिडी मांगी है, जो हमें गुजरात से राज्य की नीति के अंतर्गत मिल जाएगी।’ अग्रवाल ने कहा कि दी जा रही छूटों में 25 प्रतिशत पूंजीगत सब्सिडी और तीन रुपये प्रति यूनिट की सब्सिडी शुल्क पर बिजली शामिल है, हालांकि समूह बड़े स्तर पर अक्षय ऊर्जा का इस्तेमाल करेगा। इस एमओयू के तहत जहां एक ओर वेदांत डिस्प्ले 94,500 करोड़ रुपये के निवेश से एक डिस्प्ले फैब्रिकेशन इकाई स्थापित करेगी, वहीं दूसरी ओर वेदांत सेमीकंडक्टर्स 60,000 करोड़ रुपये में एकीकृत सेमीकंडक्टर फैब इकाई तथा आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली ऐंड टेस्ट (ओएसएटी) केंद्र स्थापित करेगी। फर्म ने कहा कि इस प्रकार इन दोनों एमओयू से संयुक्त रूप में 1.54 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हासिल होगा, जिससे राज्य में प्रत्यक्ष रूप से करीब 1,00,000 नौकरियां पैदा होंगी।
देश की पहली डिस्प्ले विनिर्माण फैब इकाई और ओएसएटी केंद्र के साथ एकीकृत सेमीकंडक्टर फैब इकाई की स्थापना के लिए वेदांत और फॉक्सकॉन ग्रुप्स द्वारा प्रस्तावित इस निवेश से अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्रों के विकास तथा बेहतर कारोबारी लिंकेज की स्थापना में मदद मिलेगी।

First Published : September 13, 2022 | 10:28 PM IST