रक्षा पीएसयू कर रहे रोडशो

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 3:40 PM IST

केंद्र सरकार ने रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उद्यमों से दुबई और अबू धाबी में रोडशो करने को कहा है। इन रोडशो का मकसद निवेशकों को आक​र्षित करना और उन्हें वित्तीय एवं व्यावसायिक योजनाओं के बारे जानकारी देना होगा। ​

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल), भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (बीईएल), गार्डन रीच ​शिपबिल्डर्स ऐंड इंजीनियर्स (जीआरएसई), और मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानी) ने स्टॉक एक्सचेंजों को सूचित किया है कि वे इन्वेस्टर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित करेंगे और 12 से 15 सितंबर के बीच संभावित निवेशकों के साथ गैर-सौदों से जुड़ी बैठकों और रोडशो में हिस्सा लेंगे। ये रोडशो अबू धाबी और दुबई में आयोजित किए जाएंगे।

पीएसयू अपनी आगामी अल्पाव​धि, मध्याव​धि विकास योजनाओं, वित्तीय मानकों, अपने शेयर प्रदर्शन/बाजार पूंजीकरण, पीएसयू में निवेशकों का निवेश बढ़ाने की रणनीति समेत वि​भिन्न योजनाओं पर विचार करेंगे और उन्हें एक-दूसरे के साथ साझा करेंगे। 
भले ही ये रोडशो केंद्र द्वारा किसी तरह की शेयर पेशकश से संबं​धित नहीं हैं, लेकिन इनसे सरकार द्वारा आगामी हिस्सेदारी बिक्री के लिए राह आसान होगी। इस क्षेत्र के विश्लेषकों का कहना है कि इस तरह के रोडशो ऐसे पीएसयू के लिए ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के साथ आगे आने की सरकार की योजना में मददगार साबित हो सकते हैं। 

रोडशो केंद्र द्वारा पीएसयू को बाजार कारोबारियों के साथ सक्रिय तौर पर बातचीत करने और संभावित निवेशकों को उनके प्रदर्शन से अवगत कराने के केंद्र सरकार के प्रयासों का हिस्सा हैं। यह कदम पीएसयू को उनकी निजी क्षेत्र के समकक्षों के समान रखने के लिए केंद्र के प्रयासों को भी दर्शाता है। सरकार ने पीएसयू शेयरों में निवेशकों का भरोसा बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं, क्योंकि निजी बैंकों के शेयरों के मुकाबले उन्हें कम पसंद किया गया है। 

निवेश एवं सार्वजनिक परिसंप​त्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) ने सरकार और पीएसयू के बीच होने वाले सहमति पत्र में नए मानक शामिल किए हैं, जिनमें तिमाही आय घो​षित करने के बाद निवेशक बैठक करना, और प्रबंधन की आगामी योजनाओं का खुलासा करना शामिल हैं। 
इलारा कैपिटल के उपाध्यक्ष एवं रक्षा क्षेत्र के विश्लेषक ह​​र्षित कपाडिया ने कहा कि रक्षा पीएसयू ने गैर-रक्षा पीएसयू के मुकाबले अच्छा प्रदर्शन किया है।कपाडिया ने कहा कि सरकार पीएसयू को उनके निजी प्रतिस्प​र्धियों के समान राह पर लाना चाहती है।
रोडशो आयोजित कर रहे इन पांच रक्षा पीएसयू ने इस साल शानदार प्रतिफल दिया है। एचएएल में सरकार की 75.15 प्रतिशत हिस्सेदारी है। एचएएल का शेयर इस साल अब तक 112 प्रतिशत, भारत डायनेमिक्स का शेयर 115 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और जीआरएसई में 60 प्रतिशत की तेजी आई है और मिधानी के शेयर भाव में 13.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। 

ऐसे पीएसयू में हिस्सेदारी बिक्री से सरकार को अपने विनिवेश लक्ष्य को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है, क्योंकि निजीकरण के कई प्रस्तावों में विलंब हो रहा है। 

First Published : September 12, 2022 | 10:05 PM IST