भारत में धीरे-धीरे ही सही डीटीएच प्रणाली अपने पैर पसार रही है। डीटीएच सेवाएं देने के लिए हाल ही में रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह ने अपनी इच्छा जताई है और इस ओर समूह अपने कदम बढ़ा भी चुका है।
रिलायंस के डीटीएच सेवाएं देने के बाद अब बाद टेलीविजन चैनलों की है। अपनी शुरुआत के लगभग 13 वर्षों बाद डिस्कवरी कम्युनिकेशंस जल्द ही देश, खासकर डायरेक्ट-टु-होम (डीटीएच), के लिए चौथा चैनल शुरू कर करने की योजना बना रहा है। फिलहाल डिस्कवरी कम्युनिकेशंस इंडिया तीन चैनल डिस्कवरी चैनल, डिस्कवरी ट्रेवल एंड लिविंग और एनीमल प्लेनेट चला रहा है और लगभग 3.5 करोड़ घरों तक इसकी पहुंच है।
डिस्कवरी नेटवर्क्स इंडिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक दीपक शौरी ने कहा कि डीटीएच प्लेटफॉर्म कुछ ही वर्षों में 50 लाख ग्राहकों तक अपनी पहुंच बनाने में सक्षम हो जाएगा। शौरी ने अपने चैनल एनीमल प्लेनेट के हिन्दी फीड के लांच के अवसर पर ‘बिजनेस स्टैंडर्ड’ को बताया कि दुनियाभर में डिस्कवरी कम्युनिकेशंस के पास उपभोक्ताओं के दिखाने के लिए काफी कुछ है और हम एक साल के अंदर डीटीएच प्लेटफॉर्म के लिए एक चैनल शुरू कर सकते हैं।
डिस्कवरी कम्युनिकेशंस डिस्कवरी हेल्थ, मिलिटरी चैनल, टीएलसी, साइंस चैनल, इन्वेस्टीगेशन डिस्कवरी जैसे चैनलों के लिए वैश्विक पेशकश की है। समूह के अधिकारियों ने संकेत दिया है कि डीटीएच प्लेटफॉर्म के लिए समूह इन चैनलों में से एक को शुरू कर सकता है। फिलहाल केवल बीबीसी वर्ल्डवाइड के दो चैनल (बीबीसी एंटरटेनमेंट और सीबीबीज) टाटा स्काई, जो खासकर डीटीएच प्लेटफॉर्म के लिए है, पर उपलब्ध हैं।
डिश टीवी और टाटा स्काई के अलावा दो निजी डीटीएच ऑपरेटर मौजूदा समय में लगभग 50 लाख ग्राहकों को अपनी सेवाएं मुहैया करा रहे हैं। इनके अलावा चार और डीटीएच कंपनियों ने चैनलों की बढ़ती मांग को ध्यान में रख कर इस साल अपनी सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई है।
घरेलू मोर्चे पर डिस्कवरी नेटवर्क्स इंडिया ने डिस्कवरी चैनल के बाद एनीमल प्लेनेट को हिन्दी में भी शुरू करने का फैसला किया है। समूह की इस पहल का उद्देश्य हिन्दी फीड के प्रति और अधिक विज्ञापनदाताओं को आकर्षित करना है। इसके हिन्दी चैनल को हिन्दी-भाषी राज्यों में पेश किया जाएगा। शौरी ने दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में कंडीशनल एक्सेस सिस्टम (कैस) को ‘पूरी तरह विफल’ करार दिया है।
इसके तीन डिस्कवरी चैनलों का बड़ा दर्शक वर्ग है। ये चैनल अपने प्रतिस्पर्धी चैनलों नेशनल जियोग्राफिक और हिस्ट्री चैनल के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।डिस्कवरी कम्युनिकेशंस की डिस्कवरी चैनल, टीएलसी, एनिमल प्लेनेट के जरिये लगभग 170 देशों के 6000 करोड़ ग्राहकों तक पहुंच है। डिस्कवरी कम्युनिकेशंस डिस्कवरी होल्डिंग कंपनी, एडवांस न्यूहाउस कम्युनिकेशंस और डिस्कवरी के संस्थापक और अध्यक्ष जॉन एस. हेंड्रिक्स की कंपनी है।