आदित्य बिड़ला समूह की दूरसंचार सेवा प्रदाता आइडिया सेल्युलर को मुंबई में 20 फीसदी नए उपभोक्ता अपनी झोली में आने की उम्मीद है। इस दूरसंचार कंपनी के प्रबंध निदेशक संजीव आगा से राजेश कुरुप की बातचीत।
मुंबई सर्किल में आइडिया सेल्युलर की नजर किस तरह के ग्राहकों पर है?
शहर में नए ग्राहकों में से कम से कम 20 फीसदी पर हम ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं जो तकरीबन 3.5 लाख ग्राहक प्रति महीने होगा।
मुंबई में आइडिया का नंबर सातवां है। बड़ा खिलाड़ी बनने के लिए आप क्या कर रहे हैं?
हम इस शहर में शून्य से अपना संचालन शुरू कर रहे हैं और मुकाबले के साथ ही हम दिग्गजों में शुमार हो जाएंगे। हम मुंबई में नंबर एक या दो पर नहीं आ सकते, क्योंकि ये सेवा प्रदाता पिछले कई वर्षों से अपनी सेवा मुहैया करा रहे हैं। आप उन्हें अतिरिक्त ग्राहकों के मामले में पछाड़ सकते हैं।
आइडिया कई योजनाओं के साथ सेवा शुरू कर रही है। क्या आप इन सर्किलों में सस्ती दर पर सेवाएं देना चाहते हैं?
हमें छूट में यकीन नहीं है और दूसरे खिलाड़ियों जितना किराया हम भी वसूलेंगे। हमें इन्हीं कंपनियों से मुकाबला करना है। योजनाएं तो कुछ वक्त के लिए ही होती हैं।