त्योहारी मौसम में फर्राटा भरेगी कार कंपनियों की कमाई

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 2:55 PM IST

आज से शुरू हुए नवरात्र से लेकर दीवाली तक चलने वाले त्योहारी मौसम में कार कंपनियों के चेहरे पर मुस्कान आने की उम्मीद है। इस दौरान उनकी न केवल रिकॉर्ड बिक्री होगी ब​ल्कि मुनाफा भी बढ़कर कोविड के पहले के स्तर पर पहुंच सकता है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि महंगी कारों की मांग ज्यादा रहने की उम्मीद है और जिंसों के दाम कम होने से उनकी उत्पादन लागत घट गई है। साल भर में बिकने वाली कुल कारों में से 26-27 फीसदी औसतन 42 दिन के इसी त्योहारी मौसम में बिकती हैं।  
क्रिसिल रिसर्च में निदेशक हेमल ठक्कर ने कहा, ‘यात्री वाहनों की बिक्री के लिहाज से यह त्योहारी मौसम रिकॉर्ड बिक्री वाला हो सकता है और वाहन विनिर्माताओं का मार्जिन भी बढ़कर कोविड के पहले के स्तर पर पहुंच सकता है। कारों के दाम बढ़ाए जाने, कच्चे माल की लागत कम होने और बेहतर उत्पाद मिश्रण का ​कार विनिर्माताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।’
उन्होंने उम्मीद जताई कि अक्टूबर और नवंबर में कारों की खुदरा बिक्री 6.5 से 7 लाख हो सकती है और सितंबर तिमाही में डीलरों को भेजी गई कारों का आंकड़ा 10 लाख के पार पहुंच सकता है।
हाल में बाजार में उतारी गई कारों की बुकिंग के रुझान से बाजार में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। मारुति सुजूकी इंडिया को ब्रेजा के लिए 1.30 लाख बुकिंग मिली हैं, जिनमें से 43 फीसदी बुकिंग टॉप मॉडल की हैं। मारुति सुजूकी के कार्यकारी निदेशक शशांक श्रीवास्तव के अनुसार ग्रैंड विटारा भी आज से बिक्री के लिए उपलब्ध है। कंपनी ने इसे 10.45 लाख से 17.05 लाख रुपये (एक्स दिल्ली शोरूम) कीमत में पेश किया है और कंपनी को 57,000 कारों की बुकिंग पहले ही मिल चुकी है। इनमें से 42-43 फीसदी बुकिंग टॉप मॉडल की हैं। मारुति कारों की आपूर्ति पूरी करने के लिए 95 फीसदी क्षमता के साथ उत्पादन कर रही है। श्रीवास्तव ने कहा, ‘हमारी कारों का औसत बिक्री मूल्य पिछले तीन साल के 6 लाख रुपये से बढ़कर 7.12 लाख रुपये हो गया है।’
एक विश्लेषक ने कहा कि पिछले साल की समान अव​धि की तुलना में मारुति का मार्जिन 200 आधार अंक बढ़कर 10 फीसदी हो सकता है, लेकिन यह कोविड के पहले के स्तर से कुछ कम ही रहेगा। 
इसी प्रकार महिंद्रा ऐंड महिंद्रा ने आज स्कॉर्पियो एन की डिलिवरी शुरू की। वह 1 लाख स्कॉर्पियो एन की बुकिंग पहले ही कर चुकी है। डीलर सूत्रों के अनुसार इनमें 43 से 45 फीसदी बुकिंग टॉप-एंड मॉडल के लिए हुई है। उन्होंने कहा कि इसके अलग-अलग वेरिएंट के लिए बुकिंग के बाद 8 महीने से 1 साल तक इंतजार करना पड़ 
सकता है। महिंद्रा ऐंड महिंद्रा के अध्यक्ष (ऑटोमोटिव सेक्टर) विजय नाकरा ने कहा, ‘हमारे पास जितनी बुकिंग हैं, उनसे हम बेहद उत्साहित हैं। इस त्योहारी सीजन में 7,000 वाहन डेलिवर करने की योजना पटरी पर है।’ 
टॉप-एंड मॉडलों की जबरदस्त मांग और चुनिंदा मॉडलों पर मामूली छूट से यात्री वाहन विनिर्माताओं के सकल मार्जिन को ता​कत मिलेगी। इससे वाहन कंपनियों के खुदरा विक्रेताओं को फायदा होगा क्योंकि जबरदस्त मांग के बीच उन्हें प्रचार-प्रसार पर अ​धिक खर्च नहीं करना पड़ेगा। वाहन विनिर्माताओं के संगठन फाडा के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने कहा, ‘नकदी संपन्न लोग खर्च कर रहे हैं। बुकिंग दमदार रही है। उम्मीद है कि यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री के लिहाज से यह एक रिकॉर्ड वर्ष होगा।’

First Published : September 26, 2022 | 10:07 PM IST