इमामी उतरेगी साबुन बाजार में

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 8:08 PM IST

एफएमसीजी कारोबार की दिग्गज कंपनी इमामी लिमिटेड भी अब साबुन के बाजार में आने की तैयारी कर रही है। कंपनी इमामी प्योर स्किन नाम से ग्लिसरीन साबुन बाजार में उतारेगी।


फिलहाल कंपनी इस उत्पाद का परीक्षण आंध्र प्रदेश में कर रही है। कंपनी इस परीक्षण के आधार पर ही इसे देशभर में लॉन्च करेगी। कंपनी इसे स्विस ऐप्पल और बादाम, केसर और हल्दी, ऑलिव और ऐलो विरा तीन संस्करणों में उतारेगी।

इमामी समूह की निदेशक प्रीति सुरेका ने कहा, ‘भारत में ग्लिसरीन साबुनों का बाजार लगभग 300 करोड़ रुपये का है और यह 15 फीसदी की दर से बढ़ रहा है। इसीलिए हमें इस बाजार में काफी संभावनाएं नजर आ रही हैं। हम इस बाजार में बड़े खिलाड़ी बनकर उभरना चाहते हैं। इस उत्पाद के प्रचार के लिए हम विज्ञापन अभियान भी चलाएंगे।’

विश्लेषकों के अनुसार साबुनों की प्रीमियम श्रेणी में डव और पियर्स जैसे ब्रांड्स का दबदबा है। जबकि साधारण श्रेणी में हेंकेल इंडिया, विप्रो लिमिटेड, रेकिट बेकिंसर , निरमा लिमिटेड, गोदरेज और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसी कंपनियों में कड़ा मुकाबला है।

First Published : September 8, 2008 | 11:51 PM IST