ईएसपीएन बना टी-20 चैंपियन

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 8:47 PM IST

दिग्गज खेल प्रसारक ईएसपीएन स्टार स्पोट्र्स ने चैंपियंस लीग ट्वेंटी-20 के लिए 10 वर्षीय प्रसारण एवं प्रायोजन अधिकार हासिल कर लिया है।


ईएसपीएन स्टार ने सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन इंडिया (सेट) और दुबई इन्वेस्टमेंट काउंसिल (डीआईसी) के कंसोर्टियम को पछाड़ कर 4387 करोड़ रुपये में यह अधिकार हासिल किया है।

यह टूर्नामेंट लोकप्रिय इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के ट्वेंटी20 टूर्नामेंट का अंतर्राष्ट्रीय संस्करण है। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा प्रोत्साहित नए टूर्नामेंट में विभिन्न देशों की अंतर्राष्ट्रीय क्लब टीमें शामिल होंगी, जो इस साल भारत में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी।

यह अधिकार हासिल किए जाने के बाद ईएसपीएन सॉफ्टवेयर इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आर. सी. वेंकटेश ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘हमें पहले साल से ही लाभ होने की संभावना है। हमें उम्मीद है कि हम आईपीएल को भुगतान की जाने वाली राशि का 25 फीसदी से 30 फीसदी प्रीमियम पर अपने विज्ञापनों से हासिल करने में सक्षम होंगे क्योंकि यह अंतर्राष्ट्रीय स्वरूप ज्यादा लोकप्रिय होगा।’

उन्होंने यह भी कहा कि मैचों से प्राप्त होने वाला 50 से 60 फीसदी विज्ञापन राजस्व भारत से और बाकी भाग लेने वाले देशों से हासिल होने की संभावना है।

First Published : September 12, 2008 | 12:23 AM IST