एवरेडी के बोर्ड का पुनर्गठन

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:36 PM IST

देश की सबसे बड़ी ड्राई सेल बैटरी निर्माता एवरेडी इंडस्ट्रीज इंडिया के निदेशक मंडल का पुनर्गठन हुआ है और बोर्ड में बर्मन परिवार के सदस्य और नॉमिनी शामिल किए गए हैं।
स्टॉक एक्सचेंजों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा है कि बोर्ड ने गैर-कार्यकारी निदेशक के तौर पर आनंद चंद बर्मन, मोहित बर्मन और अर्जुन लांबा की नियुक्ति की मंजूरी दे दी है, जो 12 जुलाई 2022 से प्रभावी हुआ।
इसके अतिरिक्त सुनील अलघ को पांच साल के लिए कंपनी का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। निदेशक मंडल के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है और अब शेयरधारकों से इसकी मंजूरी ली जाएगी।
बोर्ड में बदलाव पिछले महीने बर्मन  समूह की तरफ से एवरेडी के अधिग्रहण व उस पर नियंत्रण की खातिर लाई गई खुली पेशकश पूरी होने के बाद हुआ है।
फरवरी में जब बर्मन परिवार ने एवरेडी के लिए खुली पेशकश लाने का इरादा जताया था तब उसने बोर्ड में पर्याप्त प्रतिनिधित्व के लिए तीन गैर-कार्यकारी निदेशकों की नियुक्ति का अनुरोध किया था।
बर्मन कंपनी के चेयरमैन की नियुक्ति करेंगे, जो पद दिवंगत बृज मोहन खेतान के छोटे बेटे आदित्य खेतान के इस्तीफे के बाद से खाली है। यह इस्तीफा बर्मन की तरफ से खुली पेशकश लाने  की घोषणा के बाद दिया गया था।
सूत्रों ने संकेत दिया कि चेयरमैन की नियुक्ति निदेशक मंडल की अगली बैठक में होने की संभावना है।
जुलाई 2020 से बर्मन एवरेडी के सबसे बड़े शेयरधारक हैं  लेकिन उन्होंने बोर्ड में प्रतिनिधित्व नहीं मांगा था। खुली पेशकश पूरी होने के बाद अब वे बोर्ड में शामिल हो रहे हैं, जिनके पास कंपनी की 38.3 फीसदी हिस्सेदारी है।

First Published : July 12, 2022 | 11:55 PM IST