बैजूस द्वारा 2500 कर्मचारियों की छंटनी के फैसले के एक दिन बाद ही एक दूसरी एडटेक स्टार्ट अप कंपनी फ्रंटरो ने भी अपने कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा कर दी। कंपनी अपने 75 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी कर रही है।
गैर एकेडमिक शिक्षा प्रदान करने वाली कंपनी, फ्रंटरो ने अपने 130 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है, जो लगभग 75 फीसदी के बराबर है। इसमें इंजीनियरिंग, प्रोडक्ट ऐंड सेल्स और मार्केटिंग के स्टॉफ शामिल हैं। बेंगलूरु स्थित कंपनी ने यह कदम अपनी खर्च व्यवस्था में सुधार लाने के लिए उठाया है।
यह फ्रंटरो की तरफ से की जाने वाली दूसरी छंटनी है। कंपनी ने इसी वर्ष के मई माह में भी लगभग 145 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। दूसरी बार कंपनी की तरफ से छंटनी करने के बाद अब इसमें कुल 45 कर्मचारी काम करने के लिए बचे हैं।
कंपनी के सह-संस्थापक ईशान प्रीत सिंह ने बिजनेस स्टैंडर्ड से कहा, ‘हमें टीम पर गर्व है जो गैर-एकेडमिक शिक्षा के भविष्य का निर्माण करने के लिए एक साथ आई, और बिना थके प्रयास करते रहे और कुछ सहसे अद्भुत शिक्षण संस्थान का निर्माण किया।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश, हमें यह लग रहा है कि कंपनी के सेल्स और मार्केटिंग की कंपनी की योजना वर्तमान के डिलिवरी मॉडल के अनुरूप काम नहीं कर रही है, इसलिए कंपनी ने बड़ी संख्या में अपने कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला किया है।
2020 में स्थापित हुई कंपनी, फ्रंटरो एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है। इसपर व्यापक रूप से कौशल आधारित कोर्स कराए जाते हैं। क्रिकेट, संगीत, फोटोग्राफी और फिल्ममेकिंग जैसे कोर्स का प्रशिक्षण उस क्षेत्र के विशेषज्ञों द्वारा दिया जाता है। इसमें क्रिकेटर सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल और भुवनेस्वर कुमार, बॉलीवुड गायिका नेहा कक्कड़ और कॉमेडियन बिश्व कल्याण शामिल हैं। बीएस