फ्यूचर लाइफस्टाइल को पहली तिमाही में 136 करोड़ रुपये का घाटा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 4:15 PM IST

फ्यूचर समूह की कंपनी फ्यूचर लाइफस्टाइल फैशंस लिमिटेड ने शनिवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसका समेकित शुद्ध घाटा कम होकर 135.96 करोड़ रुपये पर आ गया। कंपनी ने बीएसई को दी गई सूचना में कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में उसके खर्चों में कमी आने से उसका घाटा कम हुआ है। एक साल पहले की समान तिमाही में उसका शुद्ध घाटा 348.08 करोड़ रुपये रहा था। 
बीती तिमाही में कंपनी का राजस्व 8.42 प्रतिशत गिरकर 272.88 करोड़ रुपये पर आ गया। एक साल पहले की समान तिमाही में उसकी परिचालन आय 297.99 करोड़ रुपये रही थी। 

अप्रैल-जून 2022 की अवधि में कंपनी का कुल खर्च 436.56 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले के 656.07 करोड़ रुपये की तुलना में 33.45 प्रतिशत कम है।

कंपनी ने कहा कि अपने ऋणदाताओं के साथ हुई एकमुश्त पुनर्गठन योजना के तहत उसे अगले 12 महीनों में कुल 422.11 करोड़ रुपये के कर्ज का पुनर्भुगतान करना है। कंपनी ने 31 मार्च 2022 तक कुल 1,180.66 करोड़ रुपये की देनदारियां बताई हैं।

First Published : August 27, 2022 | 5:39 PM IST