गोदरेज प्रॉपर्टीज को आवासीय परियोजना के लिए मुंबई में मिली 1,210 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 3:31 PM IST

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने शुक्रवार को कहा कि मुंबई में दो नई आवासीय परियोजनाओं के लिए उसे 1,210 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग मिली है।
 
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया कि उसने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में दो नई परियोजनाएं शुरू की हैं जिनमें से एक ‘गोदरेज असेन्ड’ ठाणे में है और दूसरी ‘गोदरेज हराइजन’ दादर स्थित है।
 
कंपनी ने दोनों परियोजनाओं को मिलाकर कुल 700 से ज्यादा घर बेचे हैं जिनका क्षेत्रफल 8.08 लाख वर्गफुट से अधिक है। गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी मोहित मल्होत्रा ने कहा, ‘‘मुंबई हमारे लिए हमेशा से एक महत्वपूर्ण बाजार रहा है और ग्राहकों का भरोसा यह दिखाता है कि विश्वसनीय डेवलपरों द्वारा टिकाऊ और समेकित विकास की मांग बढ़ रही है।’’
 
कंपनी ने चालू वित्त वर्ष में 10,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है, 2021-22 में यह 7,861 करोड़ रुपये रही थी। अप्रैल-जून 2022 के दौरान उसकी बिक्री बुकिंग पांच गुना बढ़कर 2,520 करोड़ रुपये रही है जो किसी भी पहली तिमाही में सर्वाधिक है।
 
गोदरेज प्रॉपर्टीज की चालू वित्त वर्ष में करीब 20 आवासीय परियोजनाएं शुरू करने की योजना है जिनमें नई परियोजनाओं के साथ-साथ मौजूदा परियोजनाओं के नए चरण शामिल हैं। वह 2022-23 में एक करोड़ वर्गफुट क्षेत्र की आपूर्ति करने का लक्ष्य लेकर चल रही है, 2021-22 में उसने 65 लाख वर्गफुट की आपूर्ति की थी। 

First Published : September 16, 2022 | 12:42 PM IST