गोदरेज बदलेगी अपनी बिक्री रणनीति

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 7:01 PM IST

उपभोक्ता उपकरणों से फाइनैंसिंग कंपनियों की बेरुखी की वजह से तमाम कंज्यूमर डयूरेबल्स कंपनियों को इन गर्मियों में बिक्री पर चोट का सामना करना पड़ा है।


गोदरेज अप्लायंसेज भी इसी मुश्किल से गुजर रही है और बिक्री बढ़ाने के लिए कंपनी ने अपनी रणनीति में बदलाव लाने की योजना बनाई है। कंपनी ने अपने एयर कंडीशनरों (एसी) की संस्थागत बिक्री पर ध्यान देने की योजना बनाई है।

विभिन्न ढांचागत परियोजनाओं में किए गए निवेश और बड़े और छोटे शहरों में रिटेल विस्तार जारी रहने से इसके एसी की बिक्री में इजाफा होने की उम्मीद है। कंपनी के उपाध्यक्ष (सेल्स ऐंड मार्केटिंग) कमल नंदी ने बताया, ‘हमने बिजनेस टु बिजनेस सेगमेंट पर दबदबा रखने वाली गोदरेज ऐंड बोयस की मदद से बाजार भागीदारी बढ़ाने की योजना बनाई है।’

कंपनी ने ऑटोमेटेड टेलर मशीन इकाइयों के लिए हाल ही में कई बड़े ठेके हासिल किए हैं। इस उद्योग के जानकारों के मुताबिक इस वित्तीय वर्ष के बाकी महीनों में सीधे तौर पर उपभोक्ताओं को की जाने वाली एसी की बिक्री में 10 फीसदी का इजाफा होने की संभावना है। इसी तरह संस्थागत और बुनियादी बिक्री में 40 फीसदी की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

नंदी ने बताया, ‘बैंकों और वित्तीय कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं उत्पादों के लिए ऋण में की गई कमी के कारण भी इस मौसम में फ्रॉस्ट फ्री रेफ्रिजरेटरों की बिक्री में गिरावट देखी गई।’ गोदरेज ने प्रीमियम श्रेणी के कम कीमत वाले उपकरणों पर भी ध्यान देने की योजना बनाई है। कंपनी ने उपभोक्ताओं को कम कीमत पर और अधिक पसंदीदा विकल्प मुहैया कराने की योजना बनाई है।

नंदी ने कहा, ‘हम प्रत्येक सेगमेंट के उपभोक्ताओं को अपग्रेडिंग का मौका देने का प्रयास कर रहे हैं। रेफ्रिजरेट के लिए 7,000 रुपये के बजट वाले उपभोक्ता के लिए हम ऐसा पोर्टफोलियो देना चाहते हैं जिसकी रेंज फ्रॉस्ट फ्री रेफ्रिजरेटर मंज 6,000 से 8,000 रुपये की हो।’

First Published : August 27, 2008 | 11:46 PM IST