जुर्माने पर गूगल की सफाई, कहा CCI की कार्रवाई एंड्रॉयड यूजर्स के लिए बड़ा झटका

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:24 PM IST

गूगल ने शुक्रवार को कहा कि वह गैर-प्रतिस्पर्धी गतिविधियों के लिये 1,338 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाये जाने के भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के आदेश की समीक्षा करेगी। कंपनी ने CCI के फैसले को भारतीय ग्राहकों के लिये एक बड़ा झटका बताया। CCI के आदेश के बाद अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया में गूगल ने कहा कि एंड्रायड ने सभी के लिए अधिक विकल्प बनाए हैं और यह ऐप भारत तथा दुनिया भर में हजारों सफल व्यवसायों का समर्थन करता है।
CCI का निर्णय भारतीय उपभोक्ताओं और व्यवसायों के लिए बड़ा झटका 

गूगल के प्रवक्ता ने एक ईमेल बयान में कहा, ‘CCI का फैसला भारतीय उपभोक्ताओं और व्यवसायों के लिए एक बड़ा झटका है, जिससे एंड्रायड की सुरक्षा सुविधाओं पर भरोसा करने वाले भारतीयों के लिए एक गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा होगा और भारतीयों के लिए मोबाइल उपकरणों की लागत बढ़ेगी।’ गूगल ने कहा, ‘वह अगले कदम का मूल्यांकन करने के लिए इस फैसले की समीक्षा करेगा।’
CCI ने गूगल पर 1,337.76 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया

CCI ने गूगल पर 1,337.76 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। एंड्रॉयड मोबाइल उपकरण क्षेत्र में कई बाजार में अपनी मजबूत स्थिति का दुरुपयोग करने को लेकर यह कार्रवाई की गई। इसके अलावा CCI ने गूगल को अनुचित कारोबारी गतिविधियों को बंद करने का निर्देश भी दिया है। आयोग ने गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि गूगल को एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने कामकाज के तरीके को संशोधित करने का निर्देश भी दिया गया है। 
एंड्रॉयड स्मार्टफोन उपभोक्ताओं की शिकायतों पर CCI ने दिए जांच के आदेश

CCI ने अप्रैल 2019 में देश में एंड्रॉयड आधारित स्मार्टफोन के उपभोक्ताओं की शिकायतों के बाद मामले की विस्तृत जांच का आदेश दिया था। एंड्रॉयड दरअसल स्मार्टफोन और टैबलेट के मूल उपकरण निर्माताओं (OEM) द्वारा स्थापित एक ओपन-सोर्स, मोबाइल ऑपरेटिंग प्रणाली है। अनुचित व्यावसायिक प्रथाओं के आरोप मोबाइल एप्लिकेशन डिस्ट्रीब्यूशन एग्रीमेंट (MDA) और एंटी फ्रैगमेंटेशन एग्रीमेंट (AFA) जैसे दो समझौतों से संबंधित हैं। 

First Published : October 21, 2022 | 7:00 PM IST