बी2बी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म व्यवसाय में दस्तक देगी ग्रासिम

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:27 PM IST

आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी ग्रासिम इंडस्ट्रीज ने अगले पांच साल के दौरान 2,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ भवन सामग्री खंड के लिए बी2बी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने की अपनी योजना को मंजूरी प्रदान की है।
इस निवेश से ग्रासिम के मुख्य व्यवसाय के साथ साथ उसकी सहायक इकाइयों में नए वृद्धि वाले इंजन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। कंपनी नए पेंट व्यवसाय पर 10,000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है और वह 2024 के शुरू तक अपने उत्पाद पेश कर देगी। समूह के स्वामित्व वाली देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी की क्षमता 12 करोड़ टन सालाना की है।
आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि बी2बी ई-कॉमर्स में प्रवेश अन्य महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो संबंधित पसंद है जिससे नए और मजबूत वृद्धि वाले डिजिटल क्षेत्र में निवेश करने के समूह के इरादे को ताकत मिली है। बिड़ला ने कहा, ‘बिल्डिंग मैटेरियल सेगमेंट ने मुनाफे के लिए मजबूत राह के साथ व्यापक व्यावसायिक अवसर प्रदान किए हैं। इस नए प्रवेश के साथ, ग्रासिम आदित्य बिड़ला समूह में बी2बी इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में सक्षम होगी। यह कदम भारत में एमएसएमई क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देगा और डिजिटल इंडिया के सरकार के विजन को मजबूती प्रदान करेगा।’
भारत में कुल भवन सामग्री खरीद सेगमेंट पिछले तीन साल में 14 प्रतिशत की सालाना दर से बढ़ा है। यह उद्योग महज 2 प्रतिशत की मौजूदा डिजिटल पैठ के साथ 100 अरब डॉलर पर अनुमानित है। ग्रासिम का डिजिटल प्लेटफॉर्म मौजूदा आपूर्ति श्रृंखला में विभिन्न चुनौतियों को दूर करेगा।  प्लेटफॉर्म अन्य जरूरी श्रेणियों में विस्तार की संभावना के साथ भवन सामग्री सेगमेंट में मझोली और छोटे आकार की कंपनियों पर मुख्य तौर पर ध्यान केंद्रित करेगा।

First Published : July 20, 2022 | 1:13 AM IST