5 साल में भारत हमारे शीर्ष 5 बड़े बाजारों में शामिल होगा : हैंसग्रो

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:59 PM IST

जर्मनी की 1.35 अरब डॉलर मूल्य वाली लक्जरी होम फिटिंग विनिर्माता हैंसग्रो समूह भारत में अ​धिग्रहण के साथ-साथ अपने कुछ उत्पादों का विनिर्माण देश में करने का लक्ष्य बना रही है। कंपनी के वैश्विक मुख्य कार्या​धिकारी हैंस जुएर्गन काल्म्बैक ने बिजनेस स्टैंडर्ड को यह जानकारी दी।हैंसग्रो, जो अभी अपने सभी उत्पाद भारत में आयात करती है, बिक्री के लिहाज से भारत को वै​श्विक स्तर पर अपने शीर्ष 10 बाजारों में शामिल करती है।
काल्म्बैक ने कहा कि कंपनी ने पिछले दो साल में अपना कारोबार बढ़ाकर तीन गुना कर दिया है। कंपनी कैलेंडर वर्ष को ही वित्त वर्ष मानती है।
उद्योग के विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक राजस्व में अब भारत के कारोबार का योगदान लगभग 10 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के बीच बढ़ती आकांक्षाओं के बीच विकास की संभावना मजबूत बनी हुई है, खास तौर पर ऐसे छोटे कस्बों और शहरों में, जहां हैंसग्रो जैसी कंपनियां तेजी से विस्तार कर रही हैं।
वर्ष 2018 में वै​श्विक मुख्य कार्या​धिकारी के रूप में कार्यभार संभालने वाले काल्म्बैक ने कहा ‘भारत हमारे लिए सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक है। हम भारतीय बाजार के संबंध में महत्त्वाकांक्षी रहे हैं और भविष्य के लिए यहां निवेश कर रहे हैं। हम अगले तीन से पाचं साल में भारत को अपने शीर्ष पांच रणनीतिक बाजारों में देखते हैं।’ तीन साल बाद भारत की एक सप्ताह की यात्रा पर आए कैल्म्बैक ने मंगलवार को मुंबई में एक प्रमुख स्टोर की शुरुआत की।
अगले कुछ दिनों में वह पुणे, बेंगलूरु और दिल्ली जैसे शहरों का दौरा करेंगे, व्यावसायिक साझेदारों और कर्मचारियों के साथ मुलाकात करेंगे और साथ ही साथ बाजार का दौरा करने के लिए समय निकालेंगे। उन्होंने कहा कि देश भर के 58 शहरों में कंपनी के नेतृत्व वाले 142 फ्रेंचाइजी आउटलेट हैं। यह संख्या अगले तीन से पांच साल के दौरान 300 तक पहुंचने की उम्मीद है।

First Published : October 7, 2022 | 10:33 PM IST