रूस से आयात, भुगतान युआन में

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:55 PM IST

देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट रूस से कोयला आयात करने के लिए चीन की मुद्रा युआन में भुगतान कर रही है। भारतीय सीमा शुल्क दस्तावेज के अनुसार चीन की मुद्रा में भुगतान का मामला शायद ही देखने को मिलता है। लेकिन व्यापारियों का कहना है कि अब यह सामान्य हो सकता है।
दस्तावेज में बताया गया है कि अल्ट्राटेक सीमेंट रूस की कंपनी एसयूईके से 1,57,000 टन कोयले का आयात कर रही है। इसे रूस के सुदूर पूर्व बंदरगाह वैनिनो से थोक वाहक एमवी मैंगास पर लोड किया गया। इसमें 5 जून के एक चालान का हवाला दिया गया है और उसमें माल का मूल्य 17,26,52,900 युआन (2.581 करोड़ डॉलर) है। इस मामले से अवगत दो व्यापार सूत्रों ने कहा कि इस माल की बिक्री की व्यवस्था एसयूईके की दुबई इकाई ने की थी। उन्होंने बताया कि अन्य कंपनियों ने भी युआन में भुगतान के साथ रूस से कोयले के आयात के लिए ऑर्डर दिए हैं।
भुगतान के निपटान में युआन के बढ़ते उपयोग से रूस को यूक्रेन पर आक्रमण के कारण पश्चिमी देशों द्वारा उस पर लगाए गए प्रतिबंधों के प्रभाव से बचाने में मदद मिल सकती है। साथ ही  इससे चीन को भी अपनी मुद्रा के अंतरराष्ट्रीयकरण में मदद मिलेगी और वैश्विक व्यापार में अमेरिकी डॉलर के वर्चस्व को कम किया जा सकेगा।

First Published : June 30, 2022 | 1:34 AM IST