इंडियाबुल्स भी करेगी अब जीवन बीमा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 05, 2022 | 10:40 PM IST

वित्तीय क्षेत्र की जानी मानी कंपनी इंडियाबुल्स फाइनैंशियल सर्विसेज लिमिटेड अब जीवन बीमा के क्षेत्र में भी कदम रखने जा रही है।


कंपनी ने इसके लिए फ्रांस की प्रमुख जीवन बीमा कंपनी सोजकैप के साथ करार किया है।इस करार के तहत इंडियाबुल्स फाइनैंशियल और सोजकैप साझा उपक्रम बनाएंगी। सोजकैप फ्रांस के नामी बैंकिंग समूह सोसियाते जेनेराल ऑफ फ्रांस की सहायक कंपनी है।


साझे उपक्रम वाली इस कंपनी में इंडियाबुल्स की हिस्सेदारी 76 फीसदी और सोजकैप की हिस्सेदारी 26 फीसदी होगी। नई कंपनी का नाम इंडियाबुल्स सोसियाते जेनेराल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड होगा। शुरुआत में कंपनी 300 करोड़ रुपये की बीमा पॉलिसी ही बेचेगी।


भारत में साझा उपक्रम स्थापित करने के लिए एसबीआई कैप सोसियाते जेनेराल की सलाहकार की भूमिका निभा रही है। साझा उपक्रम की दोनों ही कंपनियां अलग अलग क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता का इस्तेमाल इस कंपनी के विकास के लिए करेंगी।


इंडियाबुल्स को कुछ दिन पहले ही रिजर्व बैंक ने उपक्रम बनाने की इजाजत दी थी। अब कंपनी जीवन बीमा करने के लिए बीमा नियामक संस्था आईआरडीए के पास आवेदन कर सकती है।


इस साल के अंत तक  यह साझा उपक्रम कार्य करना शुरू कर देगा। इंडियाबुल्स के चेयरमैन समीर गहलौत ने बताया कि इस उपक्रम के जरिये कंपनी देश में अपनी वित्तीय सेवाओं का विस्तार करेगी। 

First Published : April 19, 2008 | 12:34 AM IST