लंदन उड़ान से अंतरराष्ट्रीय विस्तार करेगी किंगफिशर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 7:43 PM IST

विमानन कंपनी किंगफिशर एयरलाइंस लिमिटेड इस सप्ताह वैश्विक उड़ानें शुरू करने जा रही है। कंपनी इसकी शुरुआत लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से करेगी।


किंगफिशर के मुख्य कार्यकारी विजय माल्या ने बताया कि एयरलाइन की पहली वैश्विक उड़ान बेंगलुरु से लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए 3 सितंबर को संचालित की जाएगी। कंपनी इस महीने के अंत में दक्षिण-पूर्व एशिया और पश्चिम एशिया के लिए भी उड़ानें शुरू करेगी।

माल्या के मुताबिक भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय हवाई यातायात सालाना 20 फीसदी की दर से बढ़ रहा है। आर्थिक विकास की तेज रफ्तार से पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिला है। किंगफिशर के संस्थापक माल्या के मुताबिक, ‘भारत में और भारत से बाहर हवाई यातायात तेज गति से बढ़ रहा है। घरेलू नेटवर्क के मोर्चे पर हमारे पास अतिरिक्त क्षमता है। हम पड़ोसी देशों के लिए उड़ानें शुरू करेंगे।’

विमानन कंपनी बेंगलुरु से सैन फ्रांसिस्को के नन-स्टॉप रूट के लिए भी उड़ान शुरू करेगी जो अमेरिका के लिए इसकी पहली विमान सेवा होगी। एयरलाइन दोनों शहरों के बीच सीधी सेवा की पेशकश करने वाली एकमात्र विमानन कंपनी होगी।

विश्व की सबसे बड़ी विमान निर्माता से 32 सिंगल-एसले एयरक्राफ्ट की डिलीवरी के स्थगन के बाद किंगफिशर एयरबस ए380 और ए350 एक्सडब्ल्यूबी विमानों को खरीदने की योजना बना रही है। कंपनी ने 2012 में ए380 की डिलीवरी और इसके एक साल बाद ए350 की डिलीवरी की योजना बनाई है।

माल्या ने बताया कि लेकिन अभी यह तय नहीं किया गया है कि ये विमान कौन से रूट पर इस्तेमाल किए जाएंगे। माल्या ने कहा है कि किंगफिशर ने पिछले साल मई में डेक्कन एविएशन लिमिटेड के खरीद के ऑर्डर में संशोधन किया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक समझौते में संशोधन के बाद एयरलाइन 2008 और 2009 में 16 एयरबस ए320 हासिल करेगी।

First Published : September 2, 2008 | 11:36 PM IST