महंगाई से मारुति पंक्चर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 7:41 PM IST

बढ़ती ब्याज दरों ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी की बिक्री में अगस्त माह में भारी गिरावट आई है।


इस दौरान कंपनी की बिक्री करीब 9.19 प्रतिशत घटी है। अगस्त माह में कंपनी ने कुल 59,908 कारों की बिक्री की, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में 65,968 कारों की बिक्री हुई थी। जानकारों का मानना है कि महंगाई और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की वजह से कारों की बिक्री पर असर पड़ा है।

खास यह कि कंपनी के कारों की बिक्री में यह गिरावट सबसे ज्यादा लोकप्रिय मॉडल मारुति 800, ऑल्टो, वैगन आर और स्विफ्ट में आई है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि घरेलू बाजार में बिक्री 10.15 प्रतिशत घटकर 54,113 कारों की रह गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 60,229 कारों की थी।

हालांकि निर्यात में कंपनी को थोड़ी बढ़त मिली। कंपनी की लोकप्रिय मॉडल मारुति 800 की बिक्री 32.17 प्रतिशत घटकर 3,717 इकाई रह गई। कंपनी के ए-2 खंड में ऑल्टो, जेन एस्टिलो, स्विफ्ट और वैगन आर शामिल हैं, जिनकी बिक्री समीक्षाधीन अवधि में 9.75 प्रतिशत घटकर 37,667 इकाई रह गई। कंपनी के ए-3 खंड में एस एक्स 4, स्विफ्ट डिजायर और एस्टीम शामिल हैं, जिनकी बिक्री में 12.15 प्रतिशत की वृध्दि देखने को मिली।

First Published : September 2, 2008 | 12:55 AM IST