मैक्स लाइफ देगी 3 करोड़ रुपये जुर्माना

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:37 PM IST

निजी क्षेत्र की बीमा कंपनी मैक्स लाइफ इंश्योरेंस ने सोमवार को कहा कि वह अनावश्यक और लंबी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) द्वारा उस पर लगाए गए जुर्माने का भुगतान करेगी। अलबत्ता कंपनी का मानना है कि उसने ऐक्सिस बैंक के साथ अपने शेयर बिक्री के सौदे में कोई गलत काम नहीं किया है।
 नियामक ने पिछले सप्ताह जीवन बीमा कंपनी पर तीन करोड़ रुपये का जुर्माना और शेयर बिक्री सौदे के लिए बैंक पर दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था, जिसमें बैंक ने जीवन बीमा कंपनी में 12.99 प्रतिशत की हिस्सेदारी हासिल की थी और कंपनी का सह-प्रवर्तक बना था। 

मैक्स लाइफ ने एक बयान में कहा कि भविष्य के लिए मार्ग प्रशस्त करने, जिसमें ऐक्सिस बैंक के साथ दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना तथा अनावश्यक और लंबी कानूनी कार्रवाई से बचना शामिल है, के लिए मैक्स लाइफ ने आईआरडीएआई द्वारा लगाए गए जुर्माना अदा करने का फैसला किया है, हालांकि वह यह मानती है कि कोई गलत काम नहीं किया जा रहा है।
मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के चेयरमैन अनलजीत सिंह ने कहा कि ये सौदे प्रमाणिक रूप से किए गए थे। अलबत्त कंपनी और उसके हितधारकों के सर्वोच्च हित को ध्यान में रखते हुए हमने जुर्माना भुगतान करने का फैसला किया है। नियामक ने पिछले सप्ताह अपने आदेश में संकेत दिया था कि मैक्स लाइफ और ऐक्सिस बैंक के बीच सौदे में कमीशन सीमा के संबंध में नियमों को दरकिनार कर दिया है। ऐक्सिस बैंक को भेजे गए ई-मेल का कोई जवाब नहीं मिला।

First Published : October 17, 2022 | 10:27 PM IST