भारत में आ सकती हैं मर्सिडीज की ‘ए क्लास’

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 7:49 PM IST

लक्जरी कारों में सबसे अनूठी मर्सिडीज बेंज की छोटी ए क्लास कार के ख्वाब देखने वाले हिंदुस्तानियों की मुराद जल्द ही पूरी हो सकती है।


यह दिग्गज कार कंपनी अपनी इस कार को भी भारत में उतारने पर विचार कर रही है। मर्सिडीज बेंज कार्स के मुख्य परिचालन अधिकारी रेनर ई श्मकल ने बताया कि कॉम्पैक्ट लक्जरी कारों की भारत में बढ़ती मांग से उनकी कंपनी भी बखूबी वाकिफ है। इसी वजह से कंपनी ए क्लास को यहां उतारने पर विचार कर रही है।

लेकिन उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कोई फैसला नहीं किया गया है और इसमें काफी समय लग सकता है। श्मकल ने कहा, ‘भारत का बाजार बेहद पेचीदा है। यहां कोई भी मॉडल उतारना आसान नहीं है। फिलहाल हम यहां ए क्लास की मांग का जायजा ले रहे हैं। इसके अलावा हम यह भी देख रहे हैं कि भारत में इसकी कीमत कितनी रखनी होगी, जिससे बिक्री अच्छी हो सके।’

फिलहाल मर्सिडीज भारत में ई क्लास, एस क्लास और सी क्लास के मॉडल बेचती है। कंपनी ने पिछले कैलेंडर वर्ष के दौरान भारत में 2491 कार बेची थीं और इस वर्ष अगस्त के अंत तक वह 2487 कार बेच चुकी है। कंपनी को यकीन है कि चालू वर्ष के दौरान वह बिक्री का आंकड़ा 3,000 तक पहुंचा देगी।

मर्सिडीज बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी विल्फ्राइड ऑल्बर ने स्वीकार किया कि यहां लक्जरी कार के बाजार में मुकाबला बेहद कड़ा है। लेकिन उन्होंने कहा कि बीएमडब्ल्यू और अन्य लक्जरी कारों के मुकाबले ज्यादा आरामदेह और भव्य होने की वजह से मर्सिडीज बेंज को अपना बाजार बढ़ने की पूरी उम्मीद है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल भी यह बाजार 30 से 40 फीसद की रफ्तार से बढ़ेगा। कंपनी जल्द ही कम उत्सर्जन वाली कारें भी भारतीय बाजार में लाने वाली है। वर्ष 2010 में वह पर्यावरण के अनुकूल कारों के दो मॉडल लाएगी। ये कारें दुनिया भर में एक साथ पेश की जाएंगी।

First Published : September 4, 2008 | 11:09 PM IST