जून तिमाही में माइंडट्री का मुनाफा बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:35 PM IST

मिडकैप आईटी सेवा कंपनी माइंडट्री का शुद्ध‍ लाभ जून तिमाही में सालाना आधार पर 29.7 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 471.6 करोड़ रुपये रहा। क्रमिक आधार पर हालांकि लाभ 0.3 फीसदी कम रहा।
तिमाही में कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 36.2 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 3,121 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। तिमाही आधार पर राजस्व में 7.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
कंपनी ने कहा कि स्थायी मुद्रा के लिहाज से राजस्व में 5 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी की यह लगातार छठी तिमाही है। अमेरिकी डॉलर के लिहाज से राजस्व क्रमिक आधार पर 5.5 फीसदी बढ़कर 39.93 करोड़ डॉलर रहा।
कंपनी के मुख्य कार्याधिकारी व प्रबंध निदेशक देवाशिष चटर्जी ने कहा, हम वित्त वर्ष 23 की मजबूत शुरुआत को लेकर उत्साहित हैं, जहां राजस्व में मजबूत बढ़ोतरी, ठोस मार्जिन और रिकॉर्ड ऑर्डर बुक देखने को मिला, जो उद्योग में अग्रणी बढ़त की रफ्तार जारी रहने की बात कहता है। कंपनी ने कहा, हमारा एबिटा 21.1 फीसदी रहा। तिमाही में नौकरी छोड़ने की दर 24.5 फीसदी र ही, जो पिछली तिमाही के 23.8 फीसदी और पिछले साल की समान अवधि के 13.7 फीसदी के मुकाबले ज्यादा है। कंपनी ने तिमाही में 4,700 से ज्यादा कर्मी जोड़े।
 

First Published : July 13, 2022 | 11:24 PM IST