स्वीडन के कॉलर पहचान ऐप ‘ट्रूकॉलर’(Truecaller) के यूजर्स की संख्या भारत में 25 करोड़ को पार कर गई है। कंपनी के सह-संस्थापक और मुख्य कार्याधिकारी (CEO) एलन मामेदी का मानना है कि कंपनी के लिए भारत में अब भी वृद्धि की बहुत गुंजाइश है।
उन्होंने कहा कि नए नियमनों के आने के बाद Truecaller की ‘गोपनीयता-केंद्रित, अनुमति-आधारित प्रणाली’ (privacy-focused, permission-based system) में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है।’
मामेदी ने कहा कि कंपनी भारत में डेटा सुरक्षा के नए नियमों का पालन करेगी और ‘संचार को सुरक्षित और सरल बनाने के लिए सभी उपायों का स्वागत करती है।’
मामेदी हाल ही में कंपनी के मुख्य रणनीति अधिकारी (CSO) और सह-संस्थापक नमी जर्रिंगलम के साथ भारत आए थे। उन्होंने कहा कि ‘कंपनी ‘कॉलर नेम प्रजेंटेशन’ पर भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) के सुझाव की प्रशंसा करती है और इस संबंध में भविष्य में भी सहयोग करेगी।’
Also read: कारों के कबाड़ के नहीं मिल रहे अच्छे दाम
TRAI ने परेशान करने वाले कॉल और संदेशों का समाधान करने के लिए हाल ही में दूरसंचार कंपनियों को तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा था। Truecaller ने कहा कि वह अनचाहे और स्पैम कॉल-मैसेज से बचाने के लिए अपनी सेवा के मूल पहलुओं पर अब भी केंद्रित है।
मामेदी ने बताया, ‘कंपनी की भारत में भी वृद्धि की बहुत गुंजाइश है। यहां हमारे इस समय 25 करोड़ एक्टिव यूजर्स हैं।’