अंबुजा सीमेंट का शुद्ध‍ लाभ 94 फीसदी घटा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:23 PM IST

 अदाणी समूह की इकाई अंबुजा सीमेंट का एकीकृत शुद्ध‍ लाभ सितंबर तिमाही में 94 फीसदी की गिरावट के साथ 51.3 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 891 करोड़ रुपये रहा था। क्रमिक आधार पर भी कंपनी का लाभ 94 फीसदी घटा, जो जून तिमाही में 865 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी का एकीकृत राजस्व इस अवधि में 7,143 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 6,647 करोड़ रुपये के मुकाबले 7.5 फीसदी ज्यादा है। कंपनी के सीईओ अजय कपूर ने कहा, वैश्विक स्तर पर ऊर्जा कीमतों में तीव्र बढ़ोतरी के कारण सीमेंट उद्योग मार्जिन पर भारी दबाव से जूझ रहा है।
हालांकि जिंस व ऊर्जा की कीमतों में आई हालिया नरमी और मॉनसून के बाद सीमेंट की मांग आगामी तिमाहियों में बेहतरी लेकर आएगी। कंपनी का एबिटा इस अवधि में 76 फीसदी घटकर 334 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 1,416 करोड़ रुपये रहा था।
इसके परिणामस्वरूप तिमाही में एबिटा मार्जिन 17 फीसदी घटकर 4.7 फीसदी रह गया, जो पिछले साल 21.7 फीसदी रहा था। अंबुजा सीमेंट का शेयर शुक्रवार को बीएसई पर 1.02 फीसदी घटकर 512.25 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल में इस शेयर ने 35 फीसदी रिटर्न दिया है, लेकिन पिछले महीने के मुकाबले यह 5 फीसदी नीचे है। बीएस
 

First Published : October 21, 2022 | 10:42 PM IST