रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं (एफएमसीजी) की निर्माता कंपनी निरमा ने वित्त वर्ष 2007-08 के लिए कंपनी के इक्विटी शेयरों पर 80 प्रतिशत लाभांश देने की सिफारिश की।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को जारी कंपनी के एक वक्तव्य में कहा गया है कि मंगलवार को हुई कंपनी की निदेशक मंडल की बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया है। 2,500 करोड़ रुपये की कंपनी को वित्त वर्ष 2008 में 223.93 करोड़ रुपये का शुध्द मुनाफा हुआ है, जो पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को हुए शुध्द मुनाफे 108.40 करोड़ रुपये से दोगुने से अधिक है।
हालांकि मौजूदा वित्त वर्ष की जून में समाप्त हुई तिमाही में कच्चे माल और कच्चे तेल की बढ़ती लागत के चलते कंपनी के शुध्द मुनाफे में मामूली गिरावट देखी गई। इस वित्त वर्ष की जून तिमाही में कंपनी का शुध्द मुनाफा 39.49 करोड़ रुपये रहा जो पिछले वित्त वित्त की जून तिमाही में 41.1 करोड़ रुपये था।
कंपनी साबुन, डिटरजेंट, खाने वाले नमक और सफाई के उत्पादों के साथ उपभोक्ता वस्तुओं के बाजार में मौजूद है। सोडा ऐश, सल्फ्युरिक एसिड और ग्लिसरीन के साथ कंपनी औद्योगिक उत्पादों के बाजार में भी है।