स्पाइसजेट को नोटिस तीन हफ्ते में जवाब मांगा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:46 PM IST

स्पाइसजेट के विमानों में हाल में कई बार गड़बड़ी आने के कारण नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने उसे नोटिस जारी कर पूछा है कि सुर​क्षित, कुशल और भरोसेमंद सेवाएं प्रदान करने में विफलता के लिए उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए। कंपनी को कारण बताओ नोटिस के जवाब के लिए तीन हफ्ते का वक्त दिया गया है।
मगर स्पाइसजेट ने किसी भी तरह के नियमों का उल्लंघन होने से इनकार किया है और कहा कि वह सुर​क्षित परिचालन के लिए प्रतिबद्ध है।
डीजीसीए ने स्पाइसजेट के विमानों के साथ एक महीने के अंदर आठ घटनाएं होने की वजह से कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तीन मामले तो कल ही सामने आए, जिनमें से एक में विमान को कराची की ओर मोड़ दिया गया, एक विमान की विंडशील्ड चटक गई और एक विमान को मौसम रेडार में गड़बड़ी के कारण वापस हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा।
डीजीसीए के एक वरिष्ठ अ​धिकारी ने कहा कि विमान को दूसरे मार्ग पर ले जाने, चिकित्सा आपात या तकनीकी खामियों की रोजाना औसतन 30 घटनाएं होती हैं। लेकिन इनमें से अ​धिकतर में सुरक्षा संबंधी जोखिम नहीं होता।    
हालांकि स्पाइसजेट के मामले में नियामकीय समीक्षा से पता चला है कि आंतरिक स्तर पर विमानों की देखभाल अच्छी तरह नहीं होती और सुरक्षा भी पर्याप्त नहीं बरती जाती, जिससे सुरक्षा मार्जिन में गिरावट आई है। डीजीसीए ने नोटिस में कहा है कि यह कार्रवाई 1 अप्रैल के बाद की घटनाओं के आधार पर की गई है। डीजीसीए ने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों में कई ऐसे मामले देखे गए, जब विमान को या तो प्रस्थान वाले हवाई अड्डे पर वापस आना पड़ा या कम सुरक्षा मार्जिन के साथ गंतव्य पर उतारना पड़ा।’पिछले साल सितंबर में डीजीसीए द्वारा वित्तीय मूल्यांकन किया गया था, जिससे पता चला था स्पाइसजेट कैश ऐंड कैरी आधार पर परिचालन कर रही है और आपूर्तिकर्ता तथा स्वीकृत वेंडरों को नियमित आधार पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिसकी वजह से उसके पास विमानों के पुर्जों की कमी ही है। नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिं​धिया ने एक ट्वीट में कहा, ‘यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सुरक्षा में अवरोध पैदा करने वाली मामूली सी त्रुटि की भी जांच की जाएगी और उसे दुरुस्त करने के उपाय किए जाएंगे।’ स्पाइसजेट ने बयान में कहा, ‘हम आईएटीए-आईओएसए (परिचालन सुरक्षा ऑडिट) प्रमा​णित विमानन कंपनी हैं। स्पाइसजेट ने पुन: प्रमाणन के लिए अक्टूबर 2021 में गहन ऑडिट कार्यक्रम को सफलापूर्वक पूरा किया है। डीजीसीए द्वारा नियमित तौर पर हमारी जांच की जाती है। हमारे सभी विमानों की एक महीने पहले नियामक द्वारा जांच की गई थी और उन्हें सुर​क्षित पाया गया था। स्पाइसजेट की सभी उड़ान डीजीसीए के लागू नियमन के अनुपालन के तहत होती हैं।’ स्पाइसजेट के चेयरमैन अजय सिंह ने एक टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘हमारे नियमन की जिम्मेदारी डीजीसीए की है। उड़ान को 100 फीसदी सुर​​क्षित बनाना हमारी जिम्मेदारी है। मैं डीजीसीए की चिंता को समझता हूं।’
विस्तारा का इंजन खराब

दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद विस्तारा के विमान के एक इंजन में खराबी आ गई। हालांकि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। इस विमान ने बैंकॉक से उड़ान भरी थी। विस्तारा ने कहा कि मंगलवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद विमान के एक इंजन में मामूली खराबी आई थी। लेकिन इसे सुर​क्षित उतार लिया गया था। डीजीसीए ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

First Published : July 7, 2022 | 12:46 AM IST