पारेख का वेतन 88 फीसदी बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 6:40 PM IST

प्रमुख आईटी सेवा कंपनी इन्फोसिस ने अपने मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सलिल पारेख के लिए संशोधित वेतन पैकेज की सिफारिश की है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2022 के लिए अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि पारेख के वेतन पैकेज को 42.50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 79.75 करोड़ रुपये कर दिया गया है जो 88 फीसदी अधिक है।
ये बदलाव पांच साल के लिए कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी के तौर पर पारेख को दोबारा नियुक्त किए जाने की घोषणा से संबंधित है। वित्त वर्ष 2022 के लिए पारेख को 71.02 करोड़ रुपये का वेतन पैकेज प्राप्त हुआ जो 43 फीसदी अधिक है। वेतन पैकेज में 52.33 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित स्टॉक यूनिट ऑप्शंस शामिल है।
नए वेतन पैकेज के तहत पारेख प्रदर्शन आधारित वेतन बढ़कर 86 फीसदी हो जाएगा जो पहले 77 फीसदी था। इसी प्रकार निर्धारित वेतन का हिस्सा 15 फीसदी से कम होगा। इसमें निर्धारित भुगतान और निश्चित अवधि वाले शेयर शामिल हैं। निर्धारित भुगतान को 15 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी कर दिया गया है जबकि निश्चित अवधि वाले शेयर को 8 फीसदी से घटाकर 4 फीसदी कर दिया गया है। देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टीसीएस के सीईओ एवं एमडी राजेश गोपीनाथ को वित्त वर्ष 2022 के लिए 25.8 करोड़ रुपये का वेतन पैकेज मिला जो 26.6 फीसदी अधिक है।
भारत में इन्फोसिस के कर्मचारियों के वेतन में पदोन्नति एवं अन्य संशोधन के बाद औसत वार्षिक वृद्धि 14.6 फीसदी रही। टीसीएस के भारतीय कर्मचारियों के वेतन में औसत वार्षिक वृद्धि 5 से 8 फीसदी के दायरे में रही। हालांकि साल के दौरान हुई पदोन्नति एवं वेतन पैकेज में अन्य संशोधन को मिला दिया जाए तो कुल औसत वृद्धि 10.5 फीसदी रही। भारत के बाहर कर्मचारियों के वेतन में 1.5 फीसदी से 6 फीसदी के दायरे में वेतन वृद्धि हुई।
टीसीएस की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है कि साल के दौरान प्रबंधकीय पदों पर वेतन पैकेज में 27.38 फीसदी की वृद्धि हुई।
इन्फोसिस ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा है, ‘सलिल पहली बार सीईओ एवं एमडी नहीं बने हैं। सलिल वैश्विक स्तर पर सूचीबद्ध कंपनी इन्फोसिस के सीईओ हैं और उन्होंने अपनी नियुक्ति के बाद कुल मिलाकर सफल कारोबार का प्रदर्शन किया है। सलिल के वेतन पैकेज को अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क को ध्यान में रखते हुए निर्धारित किया जाना है।’
इन्फोसिस के प्रतिस्पर्धियों में ऐक्सेंचर पीएलसी, कॉग्निजेंट टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस कॉरपोरेशन, डीएक्ससी टेक्नोलॉजी कंपनी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, विप्रो, टेक महिंद्रा, कैपजेमिनाई, एचसीएल टेक्नोलॉजिज, इंटरनैशनल बिजनेस मशीन्स कॉरपोरेशन और एटोस एसई शामिल हैं। इन्फोसिस एक्सपेंडेड स्टॉक ओनरशिप प्रोग्राम 2019 में ऐसा बताया गया है।

First Published : May 27, 2022 | 12:47 AM IST