फिलिप्स का कारोबार मुंबई से गुड़गांव में

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 06, 2022 | 1:05 AM IST

फिलिप्स इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया मुंबई के अपने कारोबार को गुड़गांव स्थानांतरित कर रही है। कामकाज में दक्षता लाने की कंपनी की रणनीति के तहत यह कदम उठाया जा रहा है।


मुख्य कार्यकारी, मुख्य वित्तीय अधिकारी, मानव संसाधन प्रमुख समेत कंपनी के अन्य कई महत्वपूर्ण अधिकारियों को गुड़गांव के कार्यालय में स्थानांतरित किया गया है। इसका मतलब है कि कंपनी के सभी महत्वपूर्ण फैसले अब गुड़गांव से ही होंगे।


फिलिप्स इलेक्ट्रोनिक्स इंडिया के उपाध्यक्ष (मानव संसाधन) विनीत कौल ने कहा, ‘यह कदम कंपनी की संचालन क्षमता बढ़ाने के प्रयासों के तहत उठाया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि इससे हमारे कामकाज को नई रफ्तार मिलेगी। इस कदम से कम ट्रेवल खर्च पर संसाधनों का उचित उपयोग करने में मदद मिलेगी।’


मुंबई कार्यालय का इस्तेमाल पश्चिमी क्षेत्रीय बिक्री कार्यालय द्वारा किया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि फिलिप्स डिजाइन सेंटर पुणे से अपना कामकाज जारी रखेगा। हाल ही में मर्क इलेक्ट्रोनिक्स के उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) विवेक शर्मा भारतीय उप-महाद्वीप के लिए हॉलैंड की इस कंपनी में विपणन निदेशक के तौर पर शामिल हुए हैं।


फिलिप्स इंडिया 2011 तक अपना कारोबार 5,000 करोड़ रुपये करना चाहती है। कंपनी कई अधिग्रहण भी चाहती है। उसे 60-70 प्रतिशत राजस्व ऑर्गनिक वृद्धि से हासिल होने की उम्मीद है।

First Published : May 2, 2008 | 12:04 AM IST