​​फिजिक्सवाला ने जुटाए 10 करोड़ डॉलर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 6:26 PM IST

ऐसे समय में जब एडटेक स्टार्टअप्स ने रकम जुटाने को लेकर दबाव महसूस करना शुरू ​किया और लागत प्रबंधन के लिए कर्मचारियों की छंटनी शुरू की, एडटेक प्लेटफॉर्म पीडब्ल्यू (फिजिक्सवाला) ने वेस्टबिप्रज व जीएसवी वेंचर्स से सीरीज ए फं​डिंग के तहत 10 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। इस लेनदेन ने कंपनी का मूल्यांकन 1.1 अरब डॉलर पर पहुंचा दिया।
पीडब्ल्यू इस रकम का इस्तेमाल कारोबार के विस्तार, ब्रां​डिंग, और पीडब्ल्यू लर्निंग सेंटर खोलने के अलावा और पाठ्यक्रम की पेशकश में करेगी। अभी 4.7 रेटिंग के साथ पीडब्ल्यू के 52 लाख प्ले स्टोर डाउनलोड हैं और यूट्यूब पर 69 लाख सबस्क्राइबर हैं।
पीडब्ल्यू के विभिन्न कार्यक्रम, शिक्षण सामग्री आदि के जरिये 10,000 से ज्यादा छात्र नीट व जेईई परीक्षा साल 2020 व 2021 में पास कर चुके हैं। प्लेटफॉर्म गर्व के साथ कहता है कि छह में एक मेडिकल छात्र और 10 में एक इंजीनियरिंग छात्र पीडब्ल्यू एलु​मिनाई हैं।
वेस्टब्रिज कैपिटल के प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल ने कहा, भारतीय एडटेक इकोसिस्टम पिछले दो साल में तेजी से बढ़ा है, हालांकि हालिया प्रगति ने सक्षम एडटेक ढांचे की अहमियत को रेखांकित किया है।
पीडब्ल्यू के संस्थापक व सीईओ अलख पांडे ने कहरा, नई फंडिंग के साथ हम यूनिकॉर्न में शामिल होते हुए खुशी महसूस कर रहे हैं। शुरुआत से ही हमने उचित कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो कि छात्र अपनी उच्च शिक्षा जारी रख सकें और बिना किसी अवरोध के अपना करियर बना पाएं।

First Published : June 8, 2022 | 1:07 AM IST