पीरामल फार्मा के बोर्ड में तीन नए सदस्य शामिल

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:42 PM IST

पीरामल एंटरप्राइजेज से कारोबार अलग होने से ठीक पहले पीरामल फार्मा ने अपने निदेशक मंडल में तीन नए सदस्यों को शामिल किया है, जिसमें से एक फाइजर के पूर्व अधिकारी और एक टेवा के पूर्व अधिकारी हैं।
बोर्ड में शामिल होने वाले नए सदस्यों में फाइजर के पूर्व अधिकारी पीटर स्टेवेंसन, टेवा के पूर्व अधिकारी नाथाली लीटेक और कॉरपोरेट वकील श्रीधर गोरथी शामिल हैं।
कंपनी ने एक बयान में कहा, नई नियुक्तियों  से हमें नई  सूचीबद्ध‍ कॉरपोरेट इकाई में गवर्नेंस के उच्च मानक बनाए रखने में सहायता मिलेगी। पीरामल एंटरप्राइजेज से पीरामल फार्मा के नियोजित तौर पर अलग होने से पहले ये नियुक्तियां हुई हैं। पीरामल फार्मा अपने राजस्व का सिर्फ 15 फीसदी भारत से हासिल करती है और वित्त वर्ष 21 में उसका कारोबार 5,700 करोड़ रुपये रहा था। कारोबार अलग करने की पूरी कवायद इस साल दिसंबर तक पूरी होने की उम्मीद है।
इस बीच, पीरामल एंटरप्राइजेज को अपना दवा कारोबार अलग करने और कॉरपोरेट ढांचे के सरलीकरण के लिए शेयरधारकों की मंजूरी मिल गई है। मंगलवार को आयोजित बैठक में  कंपनी को 99 फीसदी मत मिले। पीरामल एंटरप्राइजेज ने एक बयान में यह जानकारी दी। अलग होने के बाद ध्यान केंद्रित की जाने वाली दो इकाइयां फाइनैंशियल सर्विसेज व फार्मास्युटिकल्स होंगी।
साल  2021 में कारोबार अलग करने की घोषणा और  एनसीएलटी की मंजूरी के तहत पीरामल फार्मा को एनएसई व बीएसई  में सूचीबद्ध‍ कराया जाएगा।
पीरामल फार्मा  के बोर्ड की अगुआई चेयरपर्सन नंदिनी पीरामल और पीरामल ग्लोबल फार्मा के सीईओ पीटर डीयॉन्ग कर रहे हैं।

First Published : July 8, 2022 | 12:33 AM IST