‘एमएसएमई को बेहतर ऋण विकल्प उपलब्ध कराएं’

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:47 PM IST

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना तकनीक मंत्री (एमईआईटीवाई) अश्विनी वैष्णव ने आज स्टार्टअप से अपील की कि वे परंपरागत आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए नवोन्मेष सामने लाएं और एमएसएमई को कर्ज के बेहतर समाधान मुहैया कराएं।
अहमदाबाद में आयोजित डिजिटल इंडिया वीक  के दूसरे दिन वैष्णव ने कहा कि स्टार्ट अप्स को कर्ज के बेहतर समाधान लेकर सामने आना चाहिए, जिसमें बहुत कम वक्त लगे और कागजी कार्रवाई न्यूनतम हो।
वैष्णव ने यह भी अपील की कि स्टार्टअप्स को जेनेसिस का लाभ उठाना चाहिए, जिससे भारतीय रेल व इंडिया पोस्ट जैसे संगठन अपना कारोबार बढ़ा सकें। उन्होंने कहा, ‘तमाम देश, भले ही वे पूरी आबादी तक पहुंचने की कोशिश करें तो उन्हें संघर्ष करना पड़ेगा। जेनेसिस इसके लिए प्रवेश द्वार साबित हो सकता है।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को डिजिटल इंडिया जेनेसिस कार्यक्रम पेश किया था। वैष्णव ने कहा कि इस योजना का मकसद विभिन्न पहलों को के माध्यम से स्टार्टअप के लिए माहौल बनाना है। उन्होंने कहा कि यह विभिन्न अलग अलग सपोर्ट सिस्टम के लिए द्वार साबित होगा।
वैष्णव ने आगे कहा कि नई तकनीक और नवोन्मेष पर आधारित आर्टीफीशियल इंटेलिजेंस, डेटा इमेज और सेंसर प्रॉसेसिंग से विभिन्न समस्याओं का समाधान हो सकता है, जो दिक्कतें परंपरागत कारोबार में आती हैं। उन्होंने कहा कि सॉल्यूशंस मुहैया कराने वालों और स्टार्टअप्स को 4 वर्षों से लगातार सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें अपना कामकाज स्थापित करने में मदद मिल सके।

First Published : July 5, 2022 | 11:54 PM IST